शिमला में बदला मौसम का मिजाज, ठंड से राहत देने वाला शहर अब गर्मी से बेहाल, पर्यटक मांग रहे पंखे और एसी

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, जो अपनी ठंडी आबोहवा और सुहावने मौसम के लिए देशभर में मशहूर है, अब लगातार बढ़ती गर्मी की चपेट में नजर आ रही है। मई महीने के अंतिम दिनों में ही शहर और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालत यह है कि सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है, जबकि दोपहर के समय गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
रात के समय भी तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं हो रही, जिसके कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में शिमला के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिला है और अब यहां की गर्मी लोगों को चौंका रही है।
गर्म कपड़ों की जगह पंखे तलाश रहे पर्यटक
शिमला घूमने पहुंचे पर्यटकों का अनुभव भी इस बार बदला हुआ नजर आ रहा है। आमतौर पर गर्मियों में शिमला आने वाले पर्यटक हल्के ऊनी कपड़े साथ लेकर आते थे, लेकिन इस बार हालात अलग हैं। दिन के समय पर्यटक गर्म कपड़ों की बजाय पंखे, कूलर और एसी की मांग करते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय निवासी संजय ठाकुर, अजय शर्मा, विकास सूद, दीपक वर्मा और विनोद मेहता का कहना है कि पहाड़ों में इस तरह की गर्मी पहले कभी महसूस नहीं हुई। कई घरों और होटलों में पहली बार एयर कंडीशनर लगाए जा रहे हैं।
शहर में पंखों और एसी की बिक्री में जबरदस्त उछाल
बढ़ती गर्मी का असर अब बाजारों में भी साफ दिखाई दे रहा है। लोअर बाजार, संजौली, ढली और न्यू शिमला इलाके की इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में पंखों और एसी की बिक्री तेजी से बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार अप्रैल महीने से ही गर्मी का असर दिखने लगा था और मई आते-आते मांग अचानक बढ़ गई।
इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी रोहित सूद, मनोज गुप्ता, करण शर्मा और नवीन अग्रवाल के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार टेबल फैन और एसी की बिक्री में करीब 25 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पंखों और एसी के दाम भी बढ़े
दुकानदारों के मुताबिक सामान्य टेबल फैन की कीमत 1800 रुपये से 3500 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं हाई स्पीड और ब्रांडेड फैन 4500 रुपये तक बिक रहे हैं। इसके अलावा डेढ़ टन क्षमता वाले स्प्लिट एसी की कीमत 32 हजार रुपये से शुरू होकर 55 हजार रुपये तक पहुंच रही है। विंडो एसी 28 हजार से 40 हजार रुपये के बीच बिक रहे हैं। कई दुकानों में लगातार बढ़ती मांग के चलते स्टॉक खत्म होने की स्थिति बनने लगी है।
होटलों में भी बढ़ी एसी की जरूरत
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अब होटल मालिक भी कमरों में एसी लगाने लगे हैं। पहले शिमला में एसी को जरूरत नहीं बल्कि शौक माना जाता था, लेकिन अब बढ़ती गर्मी के कारण यह आवश्यकता बनता जा रहा है। होटल कारोबारियों का कहना है कि पर्यटक भी अब बुकिंग के दौरान एसी वाले कमरे की मांग करने लगे हैं।



