ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में उत्तराखंड पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस और बदमाशों की ओर से खूब गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और दोनों घायल हो गए। घायल बदमाशों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
मुंह पर कपड़ा बांधकर बाइक से जा रहे थे बदमाश
चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा मुंह पर कपड़ा लपेटे बाइक पर सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया था। पुलिस चेकिंग पर न रुककर बदमाशों द्वारा बैरियर को टक्कर मारकर श्यामपुर की ओर फरार हो रहे थे। पीछा करने पर बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। इसके बाद पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गयी फायरिंग में दोनों बदमाशो के पैर में गोली लगने से घायल हो कर गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत दोनों को दबोच लिया।
बदमाशों के कब्जे से 2 तमंचे, जिंदा कारतूस बरामद
बदमाशों के कब्जे से 2 तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके पर पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा घटनास्थल व चिकित्सालय में पहुंच कर घटना की जानकारी ली गई है। बदमाश कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे थे। आरोपियों ने दो लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके पहले देहरादून में गुरुवार तड़के पुलिस और राजस्थान के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। पुलिस पर फायरिंग करने के बाद बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
पुलिस बैरियर तोड़कर भाग रहे थे बदमाश
बदमाश नयागांव क्षेत्र में पुलिस बैरियर तोड़कर भाग रहे थे। पुलिस ने उनका पीछा किया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को भी मौके से दबोच लिया गया था। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू मीणा (30) निवासी जिला दौसा (राजस्थान) तथा विनोद कुमार मीणा (32) निवासी जिला करौली (राजस्थान) के रूप में हुई।



