स्पोर्ट्स

विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का दमदार प्रदर्शन, अब तक जीते 20 पदक

नई दिल्ली ( दस्तक डेस्क) : भारत में पहली बार आयोजित 47वीं विश्व आर्म रेसलिंग और 28वीं विश्व पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक 20 पदक अपने नाम किए हैं। प्रतियोगिता के फाइनल के शुरुआती दो दिनों में भारत ने चार स्वर्ण, दो रजत और 14 कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही भारत पदक तालिका में रूस, कजाकिस्तान और तुर्की के बाद चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

भारत में पहली बार आयोजित हो रही इस विश्व चैंपियनशिप में 60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन गुरुवार को केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की उपस्थिति में हुआ। इस चैंपियनशिप का आयोजन वर्ल्ड आर्म रेसलिंग फेडरेशन (डब्ल्यूएएफ) के तत्वावधान में पीपल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) कर रहा है।

30 अक्टूबर को आयोजित लेफ्ट आर्म फाइनल में भारतीय युवा खिलाड़ियों ने आठ पदक जीते। जिमीसन मारवेन ने यूथ मेंस 65 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं, आभास राणा ने जूनियर बॉयज प्लस 90 किग्रा, लैथनसंगा ने यूथ मेंस 55 किग्रा, अजय कुमार ने यूथ मेंस 60 किग्रा और विष्णुप्रिया पी ने यूथ विमेंस 80 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीते। सब-जूनियर वर्ग में आर्यन सिंह ने 45 किग्रा से कम, युमनाम चिंगखेई सिंह ने 50 किग्रा और शेन सालिश ने 70 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए।

पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के अलावा भी भारतीय दल का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। कुल 128 भारतीय खिलाड़ियों ने 101 में से 90 फाइनल मुकाबलों में जगह बनाई और 154 फिनिश हासिल किए। इनमें 17 खिलाड़ी ऐसे रहे, जो पदक जीतने से चूककर चौथे स्थान पर रहे। मास्टर्स मेंस 110 किग्रा वर्ग के नवीन पॉल और ग्रैंड मास्टर विमेंस 80 किग्रा वर्ग की मिहसंगेवभा रिम्बई ने लेफ्ट और राइट आर्म, दोनों स्पर्धाओं के फाइनल में चौथा स्थान हासिल किया।

Related Articles

Back to top button