स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास रेन फॉरेस्ट बना पर्यटन का नया आकर्षण, पीएम मोदी ने स्काईवॉक देखने का किया आह्वान

अहमदाबाद ( दस्तक डेस्क) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित रेन फॉरेस्ट की खूबसूरती और वहां बने स्काईवॉक की खासियत साझा करते हुए लोगों से इस पर्यटन स्थल का अनुभव लेने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि एकता नगर के रेन फॉरेस्ट में पर्यटकों का शानदार अनुभव इंतजार कर रहा है। यहां की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता के बीच लोग सुकून के पल बिता सकते हैं। स्काईवॉक यहां का विशेष आकर्षण है, जहां से ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का मनमोहक नजारा भी दिखाई देता है।
12 एकड़ में विकसित किया गया रेन फॉरेस्ट
एकता नगर में विकसित किया जा रहा रेन फॉरेस्ट स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास के नए पर्यटन आकर्षणों में शामिल है। करीब 12 एकड़ में फैली इस परियोजना में वर्षभर कृत्रिम बारिश के जरिए वर्षावन जैसा वातावरण तैयार किया गया है। यहां 20 रेन गन टावर, झरने, बबल फाउंटेन और आकर्षक हरियाली विकसित की गई है। परिसर में भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के पेड़-पौधे भी लगाए गए हैं।

कांच के स्काईवॉक से दिखता है अनूठा नज़ारा:
फॉरेस्ट का प्रमुख आकर्षण गोलाकार कांच का स्काईवॉक है। इसे 35 एमएम मोटाई वाले कांच के 132 पैनलों से तैयार किया गया है। इस पर चलकर पर्यटक नीचे फैले वन क्षेत्र का अनूठा नजारा देख सकते हैं। यहां जैव विविधता और विभिन्न वन पारिस्थितिकी तंत्रों से परिचित कराने की व्यवस्था भी की गई है। गुजरात सरकार की परियोजना सूची के अनुसार, रेन फॉरेस्ट परियोजना पर 14.30 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।



