पंजाबराज्य

जालंधर को बड़ा झटका: वंदे भारत एक्सप्रेस का बदला रूट, 16 जून से जालंधर सिटी और ब्यास होंगे बाहर, यात्रियों को बढ़ेगी परेशानी

जालंधर: पंजाब के जालंधर रेल यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव सामने आया है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा–अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट बदल दिया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार यह ट्रेन अब जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन पर नहीं रुकेगी, जिससे यात्रियों को बड़ा झटका लगा है।

रेलवे द्वारा जारी संशोधित आदेश के मुताबिक यह नया रूट 16 जून से अमृतसर और 17 जून से कटड़ा से लागू होगा। बदलाव के बाद यह ट्रेन अब गुरदासपुर और बटाला के रास्ते संचालित होगी, जबकि जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन इस रूट से पूरी तरह बाहर कर दिए गए हैं।

जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन रूट से बाहर

नए फैसले के बाद जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन इस वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव और मार्ग से हट जाएंगे। पहले यह ट्रेन जालंधर सिटी स्टेशन पर रुकती थी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधी सुविधा मिलती थी, लेकिन अब यह लाभ समाप्त हो जाएगा।

यात्रियों की कम ऑक्यूपेंसी बताई जा रही वजह

सूत्रों के अनुसार कई ट्रिप में जालंधर सिटी स्टेशन से यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जबकि गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र से लंबे समय से इस ट्रेन की मांग उठ रही थी। माना जा रहा है कि बेहतर यात्री लोड और संचालन आवश्यकताओं को देखते हुए यह बदलाव किया गया है।

गुरदासपुर और बटाला को सीधी वंदे भारत सुविधा

नए रूट बदलाव के बाद गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के यात्रियों को पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस की सीधी सुविधा मिलेगी। ट्रेन कटड़ा से सुबह 6:40 बजे रवाना होकर जम्मूतवी, पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला होते हुए दोपहर 11:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

शनिवार को नहीं चलेगी ट्रेन, शेड्यूल में भी बदलाव

संशोधित आदेश के अनुसार ट्रेन के नॉन-रनिंग डे में भी बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी। वहीं अमृतसर से कटड़ा जाने वाली ट्रेन शाम 4:40 बजे रवाना होकर रात 9:45 बजे कटड़ा पहुंचेगी।

जालंधर, कपूरथला के यात्रियों को होगी असुविधा

रूट बदलाव के बाद जालंधर, कपूरथला और आसपास के यात्रियों को अब वंदे भारत एक्सप्रेस की सुविधा के लिए अन्य स्टेशनों का सहारा लेना पड़ सकता है। इस फैसले को लेकर स्थानीय यात्रियों में असंतोष की स्थिति बन रही है।

Related Articles

Back to top button