गाजियाबाद में 260 करोड़ रुपये की 250 बीघा सरकारी जमीन कब्जा मुक्त कराई
गाजियबााद में सरकारी भूमि को भूमाफियाओं एवं अवैध कब्जाधारकों से मुक्त कराने को हो रही कार्रवाई
ghaziabad News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के क्रम में जनपद में सरकारी भूमि को भूमाफियाओं एवं अवैध कब्जाधारकों से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोमवार को डासना गांव, परगना डासना, तहसील एवं जनपद गाजियाबाद स्थित सरकारी भूमि पर प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए कब्जा मुक्त कराया गया। प्रशासन ने जमीन को कब्जा मुक्त कराकर उस पर सरकारी सूचना पट्ट लगा दिया गया है। सूचना पट्ट पर प्रशाासन की ओर से साफ किया गया है कि उक्त जमीन के क्रय विक्रय करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
20 हजार हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज
एसडीएम सदर अरुण दीक्षित ने बताया कि ग्राम डासना स्थित खसरा संख्या कुल-33, कुल रकबा लगभग 20 हजार हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में 1359 फसली में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि के संबंध में एसडीएम कोर्ट में धारा 145 के अंतर्गत वाद विचाराधीन है। प्रशासन द्वारा सोमवार को राजस्व विभाग, पुलिस बल एवं अन्य संबंधित विभागों की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा विधिक प्रक्रिया के अनुरूप भूमि पर प्रशासनिक कब्जा प्राप्त किया गया।
मौके पर सूचना पट्ट स्थापित किया
भूमि पर स्पष्ट रूप से सूचना पट्ट (बोर्ड) स्थापित किए गए हैं। जिनमें अंकित किया गया है कि कब्जा मुक्त कराई गई सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य, अवैध कब्जा अथवा क्रय-विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम सदर अरूण दीक्षित द्वारा पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में मौके पर सार्वजनिक मुनादी कराकर लोगों को अवगत कराया कि उक्त भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज सरकारी संपत्ति है। इस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, निर्माण अथवा खरीद-फरोख्त दंडनीय होगी।
मौके पर भूमि पर प्रशासनिक कब्जा प्राप्त किया
इसके बाद मौके पर ही भूमि का प्रशासनिक कब्जा प्राप्त किया। प्राप्त अभिलेखों एवं वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार उक्त भूमि का अनुमानित मूल्य लगभग 260 करोड़ रुपये है तथा इसका क्षेत्रफल लगभग 250 बीघा है।



