झारखण्डराज्य

मुहर्रम पर बड़ी घोषणा! 27 जून को रांची के सभी सरकारी-प्राइवेट स्कूल बंद, जिला प्रशासन का आदेश जारी

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में मुहर्रम के अवसर पर जिला प्रशासन ने 27 जून को सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि जिले के विभिन्न इलाकों में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। छात्रों की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली असुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार, रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। यह आदेश जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा।

परीक्षाओं के लिए दी गई विशेष छूट

हालांकि, जिन विद्यालयों में पहले से निर्धारित परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं, उन्हें विशेष अनुमति दी गई है। ऐसे विद्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) रांची को पूर्व सूचना देकर आवश्यक होने पर परीक्षा आयोजित कर सकेंगे।

ताजिया और अखाड़ा जुलूस के चलते लिया गया फैसला

प्रशासन के मुताबिक, मुहर्रम के दौरान जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे। इसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में स्कूली बच्चों और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने की सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मुहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो, इसके लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button