बिहार

राबड़ी देवी का नया ठिकाना क्या होगा? बंगला खाली करने की समयसीमा खत्म, तेज हुई सामानों की शिफ्टिंग

पटना: बिहार की राजनीति में रविवार को 10 सर्कुलर रोड स्थित वीवीआईपी सरकारी आवास को लेकर हलचल तेज रही। पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने के लिए दी गई समयसीमा 29 जून को समाप्त हो रही है। ऐसे में सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर राबड़ी देवी का अगला ठिकाना क्या होगा और वे कब तक आवास खाली करेंगी।

भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को इस सरकारी आवास को खाली करने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया था। विभाग की ओर से 22 जून को आखिरी चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद बंगला खाली करने की प्रक्रिया तेज होती दिखाई दे रही है।

बंगले से लगातार बाहर भेजा जा रहा सामान

पिछले कुछ दिनों से 10 सर्कुलर रोड परिसर में पैकिंग और शिफ्टिंग का काम तेजी से चल रहा है। आवास से घरेलू सामान ट्रकों और पिकअप वाहनों के जरिए बाहर भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि सामान का एक बड़ा हिस्सा कौटिल्य नगर स्थित लालू परिवार के नए निर्माणाधीन आवास और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास की ओर भेजा जा रहा है।

बंगले में लगे सीसीटीवी कैमरे भी हटाए जा चुके हैं। इसे इस बात का संकेत माना जा रहा है कि परिवार ने आवास खाली करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है।

सरकारी सामानों की सूची मांगी

सूत्रों के मुताबिक, राबड़ी देवी ने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर उन सभी सरकारी वस्तुओं की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जो आवास आवंटन के समय उपलब्ध कराई गई थीं।

राजद नेताओं का कहना है कि भविष्य में किसी प्रकार के विवाद से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है। पार्टी का तर्क है कि पहले भी सरकारी आवास खाली करने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बन चुकी है, इसलिए इस बार सभी औपचारिकताएं पूरी सावधानी के साथ की जा रही हैं।

बताया जा रहा है कि विभाग के लिए भी कई वर्ष पुराने रिकॉर्ड और सामानों की सूची जुटाना आसान नहीं है।

39 हार्डिंग रोड जाने के संकेत नहीं

भवन निर्माण विभाग के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राबड़ी देवी को नवंबर 2025 में ही 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित कर दिया गया था। वहीं 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला अब मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है।

हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि लालू परिवार 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट होने के बजाय कौटिल्य नगर स्थित अपने नए आवास में जाने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि नए भवन का निर्माण अंतिम चरण में है और परिवार उसी को स्थायी ठिकाना बनाने की योजना पर काम कर रहा है।

वीवीआईपी बंगले को लेकर गरमाई राजनीति

सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकारी संपत्ति किसी व्यक्ति या परिवार की निजी विरासत नहीं हो सकती।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि राज्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू है और सरकारी आवासों का उपयोग निर्धारित नियमों के तहत ही होना चाहिए।

मोहलत की मांग से बढ़ा सस्पेंस

इस बीच राबड़ी देवी की ओर से आवास खाली करने के लिए 5 जुलाई तक अतिरिक्त समय मांगे जाने की खबरों ने पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया है। अब भवन निर्माण विभाग के फैसले के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि 10 सर्कुलर रोड स्थित चर्चित बंगला कब पूरी तरह खाली होगा और लालू परिवार का अगला स्थायी ठिकाना क्या होगा।

Related Articles

Back to top button