राष्ट्रीय

मुंबई में बारिश के बीच बड़ा हादसा! तीन मंजिला चॉल ढही, 4 महिलाओं समेत 6 की मौत; मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। मानखुर्द इलाके में एक तीन मंजिला चॉल भरभराकर ढह गई, जिसमें दबकर चार महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और देर रात तक मलबा हटाने का अभियान जारी रहा। बृहन्मुंबई नगर निगम ने हादसे की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि मानसून के दौरान मौसम से जुड़ी घटनाओं के बीच पिछले कुछ दिनों में यह मुंबई का चौथा बड़ा हादसा है।

हादसे के बाद मची अफरातफरी

चॉल गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। दमकल विभाग, एंबुलेंस और पुलिस की टीमें तत्काल राहत कार्य में जुट गईं। शुरुआती चरण में जान-माल के नुकसान की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया।

जनता नगर में रात साढ़े आठ बजे हुआ हादसा

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के जनता नगर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे चॉल नंबर-5 में यह हादसा हुआ। भारी बारिश के बीच पहले जमीन धंसने की सूचना मिली, जिसके बाद तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इमारत के दो से तीन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

दमकल, पुलिस और एंबुलेंस की टीम ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस, नगर निगम के अधिकारी और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

बारिश के बीच लगातार सामने आ रहे हादसे

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। हाल ही में भारी बारिश के चलते शहर में सड़क धंसने की घटना भी सामने आई थी, जिसमें सड़क किनारे खड़ी एक कार गड्ढे में समा गई थी। हालांकि उस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।

कुछ दिनों में यह चौथा बड़ा हादसा

मुंबई में मानसून के दौरान मौसम से जुड़ी घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। हाल के दिनों में एक पेड़ बस पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। साकीनाका इलाके में एक बुजुर्ग की मेनहोल में गिरने से जान चली गई। इसके बाद सड़क धंसने की घटना हुई और अब मानखुर्द में तीन मंजिला चॉल ढहने से छह लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं को लेकर विपक्ष राज्य सरकार पर सवाल उठा रहा है।

Related Articles

Back to top button