
प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रेरणा पार्क में तीन महान विभूतियों की प्रतिमाओं का किया लोकार्पण
प्रयागराज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना बैंक रोड स्थित नवनिर्मित प्रेरणा पार्क में जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी तथा विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल की प्रतिमाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
परेड मैदान से सीधे प्रेरणा पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर संगम के निकट परेड मैदान में उतरा। वहां से उनका काफिला सीधे यमुना बैंक रोड स्थित प्रेरणा पार्क पहुंचा, जहां उन्होंने तीनों विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
नौका एकता रेस को दिखाई हरी झंडी
प्रतिमाओं के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौका एकता रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उनका जनसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम निर्धारित है।
तीन जिलों के विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
प्रयागराज दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। इस बैठक में प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी जिलों में कराए गए विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
शाम को लखनऊ लौटेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समीक्षा बैठक के बाद शाम करीब छह बजे प्रयागराज से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।



