दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 दिन बारिश का डबल अलर्ट! 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 10 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी और आसपास के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 10 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है।

पालम में सबसे ज्यादा बारिश, हवा की रफ्तार 50 किमी/घंटा तक पहुंचने की संभावना

पिछले 24 घंटों में सुबह साढ़े आठ बजे तक दिल्ली के पालम इलाके में सबसे अधिक 16.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, सोमवार सुबह राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 92 रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने की संभावना है।

मंगलवार को भी रहेगा येलो अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर से पहले कई इलाकों में हल्की, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही आंधी-तूफान और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

8 से 10 जुलाई तक भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने 8, 9 और 10 जुलाई के लिए भी दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है।

जानिए कितना रहेगा तापमान

पूर्वानुमान के अनुसार 7 और 9 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, 8 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और 10 जुलाई को 33 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे सप्ताह रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रह सकता है।

देश के कई राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक देश के मध्य हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा से सटे क्षेत्रों के ऊपर बने निम्न दबाव के प्रभाव से 6 जुलाई को छत्तीसगढ़ और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, 6-7 जुलाई को कोंकण, गुजरात और तटीय कर्नाटक तथा 6 से 8 जुलाई के बीच मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button