पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश! पहले छत से धक्का, फिर कैन्यूला से टॉयलेट क्लीनर और दवा देकर मौत का आरोप

हैदराबाद: तेलंगाना के निजामाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपने कथित प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले पति को नशे की हालत में मकान की छत से धक्का दिलाया गया। जब वह गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जीवित बच गया तो इलाज के दौरान लगे कैन्यूला के जरिए उसके शरीर में टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा पहुंचाई गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मां की शिकायत के बाद खुला पूरा मामला
मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है, जो खाड़ी देश में नौकरी करता था। पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा तब हुआ जब 1 जुलाई को प्रशांत की मां ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्हें यह तक जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा विदेश से लौट आया है। 30 जून को बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिस्थितियां संदिग्ध लगीं और उन्होंने बहू संध्या पर हत्या का शक जताया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
कथित प्रेम संबंध को बताया हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि प्रशांत की पत्नी संध्या का अनिल नामक व्यक्ति से कथित प्रेम संबंध था। पुलिस का दावा है कि दोनों ने प्रशांत को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इस साजिश में वेंकट साई नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी शामिल किया गया।
पहले शराब पिलाई, फिर छत से धक्का देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 29 जून को वेंकट साई प्रशांत के घर पहुंचा और उसे शराब पिलाई। जब वह नशे की हालत में बेसुध हो गया तो उसे मकान की छत पर ले जाया गया। जांच में सामने आया है कि इस दौरान संध्या फोन पर लगातार संपर्क में थी। पुलिस का आरोप है कि संध्या के इशारे पर वेंकट साई ने प्रशांत को छत से नीचे धक्का दे दिया।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद प्रशांत की जान बच गई। इसके बाद संध्या उसे पहले सरकारी अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसके हाथ में दवा चढ़ाने के लिए कैन्यूला लगाया गया। बाद में उसे घर ले आया गया।
कैन्यूला के जरिए टॉयलेट क्लीनर और दवा देने का आरोप
पुलिस जांच के मुताबिक, पति के जीवित बच जाने के बाद आरोपियों ने हत्या की दूसरी योजना बनाई। आरोप है कि संध्या ने घर पर इलाज के दौरान लगे कैन्यूला के माध्यम से प्रशांत के शरीर में टॉयलेट क्लीनर और अधिक मात्रा में बेहोशी की दवा पहुंचाई। इसके बाद उसे बिस्तर से नीचे गिरा दिया गया। पुलिस का कहना है कि इसी घटनाक्रम के बाद प्रशांत की मौत हो गई।
पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
निजामाबाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी संध्या, उसके कथित प्रेमी अनिल और वेंकट साई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है।



