शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी! लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनई ढेर, 4 दिन बाद हथियार समेत मिला शव

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। चार दिनों तक चले अभियान के बाद बुधवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर जाकिर गनई का शव हथियार के साथ बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।
शनिवार को शोपियां के चानपोरा क्षेत्र में दो आतंकवादी सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिए थे। इसी दिन सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया था। लगातार चार दिन तक चले ऑपरेशन के बाद जाकिर गनई का शव बरामद हुआ, जिसके साथ हथियार भी मिला है। इसके साथ ही पुष्टि हो गई है कि मुठभेड़ में मारा गया आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर जाकिर गनई था।
कई दिनों से चल रहा था संयुक्त अभियान
सुरक्षा बलों ने रविवार को भी रातभर अभियान जारी रखने के बाद आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन को फिर से तेज किया था। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने मीमंदर इलाके में घेराबंदी और सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां शुक्रवार को पहली बार निगरानी कैमरों में आतंकवादियों की गतिविधियां दर्ज हुई थीं।
दो आतंकवादियों की हुई थी पहचान
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में छिपे दोनों आतंकवादियों की पहचान जाकिर गनई और लतीफ के रूप में हुई थी। दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के निवासी बताए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, जाकिर वर्ष 2024 से प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था, जबकि लतीफ पिछले वर्ष इस आतंकी संगठन में शामिल हुआ था।
गोलीबारी के बाद शुरू हुई थी मुठभेड़
सुरक्षा बलों के अनुसार, अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सेना की एक टीम पर फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से गोलीबारी के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इसके बाद आतंकवादी घने बाग के भीतर छिप गए थे, जहां उन्हें घेरकर लगातार तलाशी और अभियान चलाया गया। इसी अभियान के दौरान जाकिर गनई का शव हथियार सहित बरामद किया गया, जबकि पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।



