फेक आईडी बनाकर युवतियों के आपत्तिजनक फोटो करता था पोस्ट, देता था स्कूल से अगवा करने की धमकी
एक पीड़ित महिला व अन्य चार युवतियों ने थाने पर तहरीर दी थी
मेरठ। थाना ब्रहमपुरी पुलिस ने सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर युवतियों के आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने एवं स्कूल जाते समय अगवा करने की धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार किया है।
थाना ब्रह्मपुरी पुलिस टीम ने आईटी एक्ट में नामजद अदनान उर्फ दिलनवाज पुत्र दिलशाद निवासी बिलाल मस्जिद के पास, खुशहाल कॉलोनी, थाना ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार किया है।
फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर “nimmiisapna” नाम से फेक आईडी
भगवतपुरा निवासी एक पीड़ित महिला व अन्य चार युवतियों ने थाने पर तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया था कि विनय पुत्र मनीष, माही उर्फ बिल्लो निवासी भगवतपुरा, थाना ब्रह्मपुरी तथा अदनान पुत्र दिलशाद निवासी खुशहाल कॉलोनी द्वारा फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर “nimmiisapna” नाम से फेक आईडी बनाकर उसकी पुत्रियों एवं अन्य युवतियों के फोटो आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ अपलोड करते हैं।
जान से मारने एवं अगवा करने की धमकी
इतना ही नहीं आरोपी युवतियों और छात्राओं को स्कूल जाते समय उन्हें जान से मारने एवं अगवा करने की धमकी देते हैं। तहरीर के आधार पर थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। पुलिस टीम इसके बाद टावर वाली गली, मोहल्ला भगवतपुरा पहुंची। जहां आरोपी युवक अदनान उर्फ दिलनवाज को गिरफ्तार कर लिया।



