
गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा! डबल डेकर बस पलटी, 2 यात्रियों की मौत, 25 से ज्यादा घायल; ड्राइवर की झपकी बनी वजह
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार सुबह गंगा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बहजोई थाना क्षेत्र में लहरावन गांव के पास बहराइच से पंजाब जा रही डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक किशोरी समेत दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है।
लहरावन गांव के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा बहजोई थाना क्षेत्र के लहरावन गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। दुर्घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दो यात्रियों की मौत, कई घायलों का इलाज जारी
हादसे में 17 वर्षीय नेहा और 36 वर्षीय चिंटू की मौत हो गई। वहीं 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही यूपीडा की एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को बहजोई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की संभावना सामने आई है। इसी वजह से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का घटनाक्रम
लखीमपुर खीरी निवासी राम लखन ने बताया कि दुर्घटनास्थल से करीब 50 मीटर पहले ही चालक ने बस को सड़क से नीचे उतार दिया था। इसके बाद बस सीधे डिवाइडर से टकराई और पलट गई। उनके अनुसार हादसा इतनी तेजी से हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।



