यमुना नहर में नहाने उतरा 17 वर्षीय किशोर लापता, चार बहनों के इकलौते भाई की तलाश जारी, मां का रो-रोकर बुरा हाल

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर के फतेहगढ़ पुल के पास नहाने के दौरान 17 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बह गया। किशोर अपने दो दोस्तों के साथ घूमने आया था। दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गहरे पानी और नहर की ढलान के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।
दोस्तों के साथ घूमने आया था किशोर
जानकारी के अनुसार, दुर्गा गार्डन निवासी 17 वर्षीय अमित दोपहर करीब ढाई बजे अपने दो दोस्तों के साथ फतेहगढ़ पुल के पास घूमने पहुंचा था। वहां पहुंचने के बाद वह नहाने के लिए नहर में उतर गया। कुछ ही देर में वह तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आ गया।
बचाने की कोशिश नाकाम रही
अमित के दोस्तों ने बताया कि उन्होंने अपनी टांग बढ़ाकर उसे पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन नहर की ढलान अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गोताखोरों की मदद से चल रहा सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नहर में तलाश अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
10 रुपये लेकर घर से निकला था अमित
घटना की जानकारी मिलते ही अमित की मां रेखा बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह सुबह काम पर गई थीं और घर से निकलते समय बेटे को बाहर नहीं जाने की हिदायत दी थी। अमित ने उनसे 10 रुपये लिए थे और दोस्तों के साथ घूमने निकल गया था। मौके पर रोते-बिलखते हुए वह अपने बेटे को वापस लाने की गुहार लगाती रहीं। अमित चार बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस के अनुसार, तीन किशोर फतेहगढ़ पुल के पास घूमने आए थे, जिनमें से अमित नहाने के लिए नहर में उतरा और लापता हो गया। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नहरों और नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ है, इसलिए ऐसे स्थानों से दूर रहें। अभिभावकों से भी बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की गई है।



