Mahindra BE 6 में बड़ा अपडेट! अब मिलेगा ट्रिपल स्क्रीन सेटअप, नई Sierra EV को देगी कड़ी टक्कर

नई दिल्ली: महिंद्रा अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 को बड़ा अपडेट देने की तैयारी में है। इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में बढ़ते मुकाबले के बीच कंपनी इस मॉडल को नए फीचर्स के साथ पेश करने की योजना बना रही है। संभावित मॉडल ईयर अपडेट के तहत BE 6 में सबसे बड़ा बदलाव ट्रिपल स्क्रीन सेटअप के रूप में देखने को मिल सकता है, जो पहले से ही कंपनी की XEV 9S और XEV 9e में उपलब्ध है।
अब मिलेगा 3 स्क्रीन वाला प्रीमियम डैशबोर्ड
मौजूदा महिंद्रा BE 6 के सभी वेरिएंट में दो 12.3 इंच की स्क्रीन दी जाती हैं। अपडेटेड मॉडल में कंपनी तीसरी 12.3 इंच की पैसेंजर डिस्प्ले भी जोड़ सकती है। इससे पूरी चौड़ाई में फैला ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड मिलेगा, जो केबिन को और अधिक प्रीमियम और आधुनिक लुक देगा। यही सेटअप XEV 9S और XEV 9e में भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
सिएरा EV समेत प्रतिद्वंद्वियों को मिलेगी चुनौती
बाजार में हाल ही में लॉन्च हुई टाटा सिएरा EV में भी ट्रिपल स्क्रीन लेआउट दिया गया है। ऐसे में महिंद्रा BE 6 में यह फीचर जोड़कर मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में अपनी प्रतिस्पर्धा और मजबूत करना चाहती है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अन्य कंपनियां भी इस तरह का फीचर अपनी इलेक्ट्रिक कारों में शामिल कर सकती हैं।
इंटीरियर में भी होंगे कई अहम बदलाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक BE 6 के कॉकपिट लेआउट में भी बदलाव किया जा सकता है। मौजूदा मॉडल में ड्राइवर और फ्रंट पैसेंजर के बीच अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं, जिससे स्पोर्टी फील तो मिलता है, लेकिन सेंटर कंसोल पर मौजूद बीम के कारण वायरलेस चार्जर और टाइप-सी यूएसबी पोर्ट तक पहुंचने में दिक्कत होती है। अपडेटेड मॉडल में इस डिजाइन को अधिक व्यावहारिक बनाया जा सकता है।
नया इंटीरियर थीम मिलने की उम्मीद
महिंद्रा BE 6 के इंटीरियर कलर थीम में भी बदलाव कर सकती है। मौजूदा ब्लैक और ग्रे अपहोल्स्ट्री की जगह नए मॉडल में ब्लैक और टैन रंग का संयोजन मिलने की संभावना है। इसके अलावा कनेक्टिविटी और टेक्नोलॉजी से जुड़े कुछ नए फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं। हालांकि कंपनी ने अभी इन अपडेट्स को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
बैटरी और रेंज में बदलाव की संभावना नहीं
नई BE 6 में मौजूदा पावरट्रेन विकल्प ही जारी रहने की उम्मीद है। इसमें 59 kWh और 79 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते रहेंगे। 59 kWh बैटरी पैक वाले मॉडल की प्रमाणित रेंज 548 किलोमीटर है, जबकि 79 kWh बैटरी पैक वाला वेरिएंट 683 किलोमीटर तक की प्रमाणित रेंज प्रदान करता है। सभी वेरिएंट में एडजस्टेबल रीजेनरेशन लेवल, सिंगल पेडल ड्राइव और मल्टीपल ड्राइव मोड जैसे फीचर्स भी पहले की तरह उपलब्ध रह सकते हैं।
कीमत में हो सकता है हल्का इजाफा
नए फीचर्स और इंटीरियर अपग्रेड के चलते अपडेटेड महिंद्रा BE 6 की कीमत में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल इसकी एक्स-शोरूम कीमत 18.90 लाख रुपये से 26.90 लाख रुपये के बीच है। अपडेटेड मॉडल का मुकाबला टाटा सिएरा EV, मारुति सुजुकी ई-विटारा और हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से रहेगा।



