उत्तर प्रदेशराज्य

मुरादाबाद में तेंदुए का खूनी हमला, चारा लेने गई महिला की मौत; शव के पास पहुंची बेटी पर भी किया हमला

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में तेंदुए के हमले ने इलाके में दहशत फैला दी। सुरजन नगर चौकी क्षेत्र के लालापुर पीपलसाना गांव के जंगल में चारा लेने गई 52 वर्षीय महिला की तेंदुए ने हमला कर हत्या कर दी। बाद में मां की तलाश में पहुंची बेटी पर भी तेंदुए ने झपट्टा मार दिया, लेकिन वह शोर मचाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रही। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की जा रही है।

चारा लेने गई महिला पर घात लगाकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, लालापुर पीपलसाना गांव निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी संतोष देवी सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रामगंगा नदी पार कर पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।

हमले में तेंदुए ने महिला की गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जंगल पहुंचे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि वन विभाग ने तेंदुए की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है।

मां के शव के पास बैठा था तेंदुआ, बेटी पर भी किया हमला

मां की तलाश में बेटी रविता एक अन्य महिला के साथ गन्ने के खेत की ओर पहुंची। इसी दौरान उन्हें खेत के भीतर से तेंदुए के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। साथ गई महिला डरकर पीछे हट गई, लेकिन रविता आगे बढ़ती रही।

कुछ दूरी पर पहुंचने पर उसने देखा कि तेंदुआ उसकी मां के शव के पास बैठा था और उसे नोच रहा था। तभी तेंदुए की नजर रविता पर पड़ी और उसने उस पर भी झपट्टा मार दिया। रविता शोर मचाते हुए भागी तो तेंदुआ कुछ दूर तक उसका पीछा करता रहा, लेकिन बाद में वापस लौट गया। इस तरह युवती की जान बाल-बाल बच गई।

ग्रामीणों में दहशत, जंगल जाने से बचने की सलाह

घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को फिलहाल जंगल और नदी किनारे अकेले न जाने की सलाह दी है। साथ ही तेंदुए की तलाश के लिए टीमों को तैनात किया गया है।

पहले भी हो चुकी है तेंदुए के हमले में मौत

मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के महलकपुर निजामपुर गांव में इसी वर्ष तेंदुए के हमले में एक किसान की भी जान जा चुकी है। नौ फरवरी की सुबह किसान जोगराज अपने घर में सो रहे थे, तभी तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद ठाकुरद्वारा और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुओं का आतंक लोगों के लिए बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button