उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट; भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे फिर बंद

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने मंगलवार को देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पांच पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि भूस्खलन के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर बंद हो गया है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

बीते 24 घंटे के दौरान मोहकमपुर में 29 मिमी और चकराता में 7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

देहरादून में कई इलाकों में जलभराव

सोमवार दोपहर शुरू हुई बारिश के बाद रायपुर रोड, ईसी रोड, डीएल रोड, राजपुर रोड समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। चंद्रबनी क्षेत्र स्थित वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट रोड पर एक पेड़ भी गिर गया। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के अनुसार, देर शाम तक कंट्रोल रूम में जलभराव से संबंधित कोई बड़ी शिकायत दर्ज नहीं हुई।

भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे फिर हुआ बंद

लगातार हो रही बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन हुआ है। स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास, बाड़िया और सिलाई बैंड समेत कई स्थानों पर मलबा और बड़े पत्थर गिरने से सोमवार सुबह से यातायात बाधित रहा।

वहीं, भटवाड़ी के पास भूधंसाव के कारण बंद हुआ गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग करीब छह घंटे बाद यातायात के लिए खोल दिया गया। हालांकि, स्यानाचट्टी क्षेत्र में लगातार मलबा गिरने के कारण समाचार लिखे जाने तक यमुनोत्री हाईवे पूरी तरह बहाल नहीं हो सका था। सड़क खोलने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से राहत कार्य जारी रहा।

गौरतलब है कि स्यानाचट्टी के पास बंद पड़ा हाईवे रविवार शाम तीन दिन बाद खोला गया था, लेकिन रात में दोबारा भूस्खलन होने से मार्ग फिर बंद हो गया।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से बहाल हों सुविधाएं: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की जल्द से जल्द बहाली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

खैनूरी गांव की सड़क जल्द दुरुस्त करने के निर्देश

चमोली जिले के दशोली ब्लॉक के खैनूरी गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को फोन कर गांव को जोड़ने वाली सड़क के आपदा में क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। बताया गया कि सड़क खराब होने से करीब 120 परिवारों का आवागमन प्रभावित है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली को सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button