क्लासरूम बना मिनी थिएटर! मैहर के सरकारी स्कूल में पढ़ाई की जगह छात्रों को दिखाई गई ‘धुरंधर’ फिल्म, वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल

मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले के कठहा शासकीय विद्यालय में कक्षा के दौरान छात्रों को फिल्म दिखाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 11वीं विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं को नियमित पढ़ाई के समय एलईडी टीवी या प्रोजेक्टर पर ‘धुरंधर’ फिल्म दिखाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पढ़ाई के समय फिल्म दिखाने पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, फिल्म प्रदर्शन के दौरान विद्यालय में अतिथि शिक्षक हंसराज पटेल भी मौजूद थे। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए कि शिक्षण अवधि के दौरान विद्यार्थियों को फिल्म क्यों दिखाई गई और इसके लिए किस स्तर पर अनुमति दी गई थी।
सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी दर्ज हुई शिकायत
मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो वायरल होते ही प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है। साथ ही विद्यालय की प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डीईओ ने जांच के दिए निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने कहा कि कठहा शासकीय विद्यालय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छात्र ‘धुरंधर’ फिल्म देखते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आते ही जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है और विद्यालय की प्राचार्य से भी जवाब तलब किया गया है। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



