अद्धयात्मराष्ट्रीय

अयोध्या-हरिद्वार से दिल्ली तक शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सावन के दूसरे सोमवार पर भोलेनाथ के जयकारों से गूंजे मंदिर

नई दिल्ली: सावन के दूसरे सोमवार के मौके पर देशभर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भगवान शिव की आराधना के लिए भक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने मंदिरों में पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि सोमवार का दिन भगवान शिव को विशेष रूप से प्रिय है और सावन के सोमवार को महादेव का पूजन करने से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है।

अयोध्या से हरिद्वार और दिल्ली तक शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। दिल्ली के गौरी शंकर मंदिर में सुबह से श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ भगवान शिव की पूजा कर रहे हैं। वहीं, अयोध्या के नागेश्वरनाथ मंदिर में महादेव के दर्शन और पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं।

हरिद्वार के कनखल स्थित दक्षेश्वर प्रजापति महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिरों में भगवान शिव के जयकारों के साथ श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव सावन के पूरे महीने अपनी ससुराल कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में निवास करते हैं। मान्यता है कि यहीं से भगवान शिव सृष्टि का संचालन और लोगों का कल्याण करते हैं। ऐसे में सावन के दौरान इस मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करना विशेष फलदायी माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि महादेव प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं।

काशी विश्वनाथ मंदिर में हुई मंगला आरती

सावन के महीने का शिव भक्तों को पूरे साल इंतजार रहता है। दूसरे सोमवार के दिन भी श्रद्धालु सुबह से ही शिव मंदिरों का रुख कर रहे हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को भगवान विश्वेश्वर की मंगला आरती की गई। इस दौरान मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

मान्यता है कि भगवान शिव अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होते हैं। इसी आस्था के साथ सावन के सोमवार को श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा करते हैं और महादेव से सुख-समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करते हैं।

पहले सोमवार पर भी देशभर में दिखा था शिवभक्ति का रंग

सावन के पहले सोमवार पर भी देश के अलग-अलग हिस्सों में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला था। गुजरात में अरब सागर के बीच स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर से लेकर मोक्षदायिनी नगरी काशी के काशी विश्वनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। देशभर के शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारों के बीच भक्तों ने भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक किया था।

Related Articles

Back to top button