रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक नाबालिग किशोर को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार शाम करीब सात बजे सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा मोहल्ले में हुई। गोली लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने वाले आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं।
कूल्हे में लगी गोली, हायर सेंटर रेफर
घटना के बाद परिजन घायल किशोर को तत्काल रुड़की के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। गोली किशोर के बाईं ओर कूल्हे में लगी है।
घटना को सिविल लाइंस कोतवाली से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अंजाम दिया गया। गोली चलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
घायल किशोर के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिन लोगों पर गोली चलाने का आरोप है, उनके साथ परिवार का पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया होता तो छेड़छाड़ और उसके विरोध में फायरिंग की घटना को रोका जा सकता था।
पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच
मोहनपुरा में हुई फायरिंग को पुरानी रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। देवी अहिल्याबाई होल्कर गेट के पास एक दुकान के सामने हुई फायरिंग में 16 वर्षीय किशोर घायल हुआ है। परिजनों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इसी को लेकर पुलिस में शिकायत की गई थी।
एक दिन पहले भी फायरिंग की बात सामने आई
बुधवार रात की घटना से पहले मंगलवार रात भी मोहनपुरा क्षेत्र में फायरिंग होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर इलाके में पहले से तनाव था। मंगलवार रात भी लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी। पुलिस अब बुधवार की फायरिंग के साथ पहले हुई घटना के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।




