दिल्ली में आज से ब्रिक्स पर्यावरण बैठक, 18 अगस्त को मंत्री स्तर की मीटिंग; जानें दो दिन का पूरा कार्यक्रम

नई दिल्ली: भारत की मेजबानी में सोमवार से दिल्ली में ब्रिक्स पर्यावरण से जुड़ी अहम बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। 17 अगस्त को ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास पर संपर्क समूह की वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक होगी। इसके बाद 18 अगस्त को भारत मंडपम में ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की 12वीं बैठक आयोजित की जाएगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव करेंगे।
बैठकों का आयोजन भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम ‘लचीलापन, नवोन्मेष, सहयोग और निरंतरता के लिए निर्माण’ के तहत किया जा रहा है। पर्यावरण मंत्रालय ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
11 साल पहले मॉस्को में बना था पर्यावरण कार्य समूह
ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह की स्थापना वर्ष 2015 में मॉस्को में हुई ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की पहली बैठक के दौरान की गई थी। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच पर्यावरण से जुड़े साझा मुद्दों पर चर्चा, अनुभवों का आदान-प्रदान और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करना है। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाता है।
वहीं, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर संपर्क समूह की स्थापना वर्ष 2024 में की गई थी। इसका मकसद ब्रिक्स देशों के बीच जलवायु परिवर्तन से जुड़े विषयों पर सहयोग के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार करना है।
पर्यावरण सुधार और सतत विकास पर होगा मंथन
मंत्री स्तरीय बैठक में ब्रिक्स देशों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता और विशेषज्ञ शामिल होंगे। बैठक के दौरान पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के साथ साझा सहमति बनाने और सदस्य देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
17 अगस्त को होने वाली वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में उद्घाटन सत्र के अलावा पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास पर संपर्क समूह की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। दोनों मंचों के जरिए आगे की कार्ययोजना को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इन अहम मुद्दों पर रहेगा फोकस
बैठक में सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने, पौधारोपण, जंगलों में लगने वाली आग के बेहतर प्रबंधन और आपदाओं से निपटने की क्षमता मजबूत करने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत विकास को आगे बढ़ाने के उपायों पर भी सदस्य देशों के बीच चर्चा होगी।
18 अगस्त को होगी मंत्री स्तरीय बैठक
18 अगस्त को भारत मंडपम में होने वाली ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक में विषयगत चर्चाओं और प्रस्तावित परिणामों से जुड़े दस्तावेजों पर विचार किया जाएगा। भारत की अध्यक्षता के दौरान पर्यावरण कार्य समूह के तहत चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में केंद्रित गतिविधियों की पहचान की गई है। इन चर्चाओं के जरिए पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति ब्रिक्स देशों की सामूहिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।



