अमृतसर में SGPC की बसों में तोड़फोड़ से हड़कंप, गोलियां चलने का भी शक; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

अमृतसर: श्री दरबार साहिब जाने वाले विरासती मार्ग पर गुरुद्वारा सारागढ़ी साहिब के पास पार्किंग में खड़ी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की बसों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बसों पर गोलियां चलाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
जबलपुर से आई संगत के लिए होनी थी बसों की व्यवस्था
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से संगत को अलग-अलग गुरुधामों के दर्शन कराने के लिए इन बसों का संचालन किया जाता है। बताया गया है कि जबलपुर से आई संगत को भी इन्हीं बसों के जरिए विभिन्न गुरुधामों के दर्शन कराने का कार्यक्रम था।
इसी बीच पार्किंग में खड़ी बसों में तोड़फोड़ की जानकारी सामने आने के बाद SGPC की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बसों का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू किया।
बसों पर गोलियां चलने का भी शक
तोड़फोड़ के साथ ही बसों पर गोलियां चलाए जाने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, घटना में गोली चलने की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
आरोपियों की तलाश में CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बसों में तोड़फोड़ कब हुई और इसमें कौन लोग शामिल थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



