फरीदकोट में सेशन जज के घर में चोरी की कोशिश? दीवार फांदते ही युवक मौके पर काबू

फरीदकोट: थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने माननीय जिला सेशन जज के निवास में चोरी की नीयत से कथित तौर पर दाखिल होने की कोशिश करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता तरसेम चंद पुत्र पूर्ण चंद निवासी गली नंबर 2, सुंदर नगर, फरीदकोट ने बताया कि वह माननीय सेशन जज फरीदकोट के निवास पर चौकीदार के तौर पर ड्यूटी करता है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 20 अगस्त की सुबह करीब 6.15 बजे एक युवक रेलवे स्टेशन की तरफ से दीवार फांदकर सेशन जज के निवास में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान वहां तैनात गार्ड कर्मचारियों की मदद से उक्त युवक को मौके पर ही काबू कर लिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उक्त युवक कथित तौर पर चोरी करने की नीयत से दीवार फांदकर निवास के अंदर दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इस मामले में पुलिस ने परमजीत सिंह निवासी धूड़कोट, जिला फरीदकोट को आरोपी के तौर पर नामजद कर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किस मकसद से सेशन जज के निवास में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



