पंजाब

कनाडा में एक्सटॉर्शन और फायरिंग केस में एक और पंजाबी युवक वांटेड, पुलिस ने जारी किया हुलिया; 23 वर्षीय युवती समेत 3 पर कार्रवाई

पंजाब: कनाडा के कैलगरी में दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर जबरन वसूली और फायरिंग के मामले की जांच में पुलिस ने एक और पंजाबी युवक को वांटेड घोषित किया है। पुलिस इस मामले में अब तक दो वयस्कों और एक नाबालिग को आरोपी बना चुकी है। आरोपियों में 23 वर्षीय पंजाबी मूल की एक महिला भी शामिल है।

व्हाट्सऐप पर पैसे मांगे, धमकी के बाद घर पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, मामला 25 मार्च का है। पीड़िता से व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क कर पैसे की मांग की गई थी। आरोपियों ने पीड़िता की निजी और कारोबारी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए उसे हिंसा की धमकियां भी दी थीं।

धमकी मिलने के करीब 12 घंटे बाद सुबह लगभग 4:30 बजे एक अज्ञात आरोपी ने पीड़िता के घर पर गोलियां चला दीं। इसके बाद आरोपी चोरी की एक गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया।

23 वर्षीय कनूरित कौर गिरफ्तार, जमानत पर रिहा

CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर कैलगरी पुलिस ने 8 सितंबर 2026 को चेस्टरमेयर की 23 वर्षीय कनूरित कौर को गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि उसने पीड़िता की निजी जानकारी उपलब्ध कराई थी, जिससे हमलावरों को पीड़िता का पता लगाने और उसे धमकाने में मदद मिली।

कनूरित कौर के खिलाफ जबरन वसूली का एक मामला दर्ज किया गया है। उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। मामले में उसकी अगली कोर्ट पेशी मंगलवार, 6 अक्टूबर को होगी।

17 साल के नाबालिग पर भी हुई कार्रवाई

इससे पहले 29 जुलाई को पुलिस ने 17 वर्षीय एक लड़के को गिरफ्तार किया था। उस पर पीड़िता और धमकी देने वाले लोगों के बीच बातचीत कराने का आरोप है।

यूथ क्रिमिनल जस्टिस एक्ट के प्रावधानों के तहत नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। उसे भी बाद में रिहा कर दिया गया।

21 वर्षीय तनवीर सिंह की तलाश में पुलिस

कैलगरी पुलिस अब 21 वर्षीय तनवीर सिंह की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, उस पर शूटिंग में इस्तेमाल की गई चोरी की गाड़ी से जुड़े मामले में 5,000 डॉलर से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति रखने का आरोप है।

पुलिस ने तनवीर सिंह का हुलिया भी जारी किया है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच, वजन लगभग 130 पाउंड, बाल काले और आंखें भूरी बताई गई हैं।

पुलिस ने जनता से मांगी मदद

CPS क्रिमिनल ऑपरेशंस एंड इंटेलिजेंस डिवीजन के सुपरिंटेंडेंट जेफ बेल ने कहा कि गिरफ्तारियां जांच की दिशा में एक अहम कदम हैं, लेकिन मामला अभी जारी है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जनता से भी मदद मांग रही है।

Related Articles

Back to top button