CM मोहन यादव का राहुल गांधी पर तंज, बोले- भाई का नाम ही पप्पू है, अब पप्पू जैसा ही काम करेगा

भोपाल: मध्य प्रदेश के आगर मालवा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनता को संबोधित करते हुए राज्य और केंद्र की डबल इंजन सरकार के कामकाज गिनाए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘झूठ की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मोहन यादव ने कहा कि एक नेता झूठ की गूंज लेकर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, उनकी मां, दादा और पूरे खानदान ने कभी देश का भला नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘पप्पू’ कहकर संबोधित किया और कहा कि वह समुद्र के पार चुनाव लड़ने तक चले जाते।
राहुल गांधी के खानदान पर मोहन यादव ने लगाए आरोप
राहुल गांधी की ओर से ‘झूठ की गूंज’ नाम से कार्यक्रम किए जा रहे हैं और इसी सिलसिले में उनके मध्य प्रदेश आने की बात कही जा रही है। इसे लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के खानदान ने कभी देश का भला नहीं किया, लेकिन अब वे मध्य प्रदेश आकर जनता और युवाओं की बात करने वाले हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राहुल गांधी के परिवार के पुराने चुनावी क्षेत्रों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी दिल्ली से चुनाव नहीं लड़ते थे, क्योंकि जनता उन्हें अच्छी तरह जानती थी। उनके मुताबिक इसी वजह से रायबरेली और अमेठी जैसे क्षेत्रों से चुनाव लड़ा जाता था।
‘समुद्र नहीं होता तो अरब में चुनाव लड़ने चले जाते’
मोहन यादव ने राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अब ये लोग अमेठी और रायबरेली भी छोड़कर केरल के वायनाड चले गए। मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा कि समुद्र सामने आ गया, नहीं तो अरब में चुनाव लड़ने चले जाते।
‘भाई का नाम ही पप्पू है, पप्पू जैसा काम करेगा’
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि वे न्यायालय के ऊपर भी सवाल उठाते हैं और सेना के पराक्रम पर भी उंगली उठाते हैं। भारत के तकनीकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ने का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर फिर तंज कसा।
मोहन यादव ने ताली बजाते हुए कहा, “भाई भी क्या करे, भाई का नाम ही पप्पू है।” इसके बाद मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि अब पप्पू है तो पप्पू जैसा काम करेगा।
‘झूठ की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर बोले- स्वागत करते हैं
राहुल गांधी के मध्य प्रदेश आने को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वे हमारे राज्य में आ रहे हैं और हम उनका स्वागत करते हैं। हालांकि अपने संबोधन के दौरान उन्होंने राहुल गांधी और उनके परिवार को लेकर लगातार तीखे राजनीतिक आरोप और तंज किए।



