राष्ट्रीय

लंदन में निवेश या दोस्त अजित की रेस? CM विजय की यात्रा पर DMK का सवाल, TVK ने दिया करारा जवाब

नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की ब्रिटेन यात्रा को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। विजय के लंदन दौरे का आधिकारिक मकसद निवेशकों से मुलाकात और तमिलनाडु में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करना बताया गया है। हालांकि, इस दौरान अभिनेता अजित के साथ उनकी मुलाकात और अभिनेत्री तृषा के साथ नजर आने की तस्वीरें व वीडियो सामने आने के बाद डीएमके ने मुख्यमंत्री की यात्रा की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शनिवार को सोशल मीडिया पर विजय और अभिनेता अजित का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें दोनों काफी सहज और दोस्ताना अंदाज में नजर आए। बताया जा रहा है कि अजित इन दिनों लंदन में मोटर रेसिंग से जुड़े कार्यक्रम में मौजूद हैं। विजय की उनसे मुलाकात सामने आने के बाद डीएमके नेताओं ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

डीएमके ने पूछा- निवेश के लिए गए थे या रेस देखने?

डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने विजय की लंदन यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री निवेश लाने के उद्देश्य से ब्रिटेन गए थे, लेकिन अब उनकी अपने दोस्त की कार रेस देखने की तस्वीरें सामने आ रही हैं। उन्होंने इसी को लेकर मुख्यमंत्री के दौरे पर सवाल उठाए।

डीएमके विधायक मार्कंडेयन ने भी विजय की विदेश यात्रा को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में किसानों और मछुआरों समेत कई वर्गों से जुड़े अहम मुद्दे मौजूद हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री को पहले राज्य की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए था। उनका कहना था कि निवेशकों से मुलाकात कुछ समय के लिए टाली जा सकती है, लेकिन जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

TVK का पलटवार- दोस्त से मिलना कोई गुनाह नहीं

डीएमके के आरोपों पर विजय की पार्टी टीवीके ने भी जवाब दिया। पार्टी प्रवक्ता नारायणन ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं और विदेश दौरे के दौरान किसी परिचित या दोस्त से मुलाकात करना गलत नहीं है।

उन्होंने अजित का जिक्र करते हुए कहा कि वह सिर्फ तमिल फिल्मों के बड़े अभिनेता नहीं हैं, बल्कि मोटर रेसिंग के क्षेत्र में भी अपनी पहचान रखते हैं। ऐसे में अजित से विजय की मुलाकात को तमिलनाडु की वैश्विक पहचान और ब्रांड वैल्यू के नजरिए से भी देखा जाना चाहिए।

मोटर स्पोर्ट्स सिटी से भी जुड़ा है लंदन दौरा

विजय की ब्रिटेन यात्रा को तमिलनाडु में प्रस्तावित मोटर स्पोर्ट्स से जुड़ी बड़ी योजना से भी जोड़कर देखा जा रहा है। चेन्नई में आधुनिक मोटर स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसी सिलसिले में ब्रिटेन में मौजूद विश्वस्तरीय मोटर स्पोर्ट्स सुविधाओं और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी मुख्यमंत्री की यात्रा का हिस्सा बताया जा रहा है।

तृषा के साथ तस्वीरों से भी बढ़ी चर्चा

विजय के साथ अभिनेत्री तृषा के नजर आने और अजित के साथ मुलाकात का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री का लंदन दौरा राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है। डीएमके जहां इसे सरकार की प्राथमिकताओं से जोड़कर सवाल उठा रही है, वहीं टीवीके का कहना है कि विजय अपने काम के साथ-साथ तमिलनाडु की वैश्विक पहचान को भी आगे बढ़ा रहे हैं।

अब मुख्यमंत्री की इस विदेश यात्रा को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा तमिलनाडु की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button