PM मोदी के जन्मदिन पर काशी में खास आयोजन, राजनाथ सिंह और CM योगी ने बांटा प्रसाद; 11 हवन कुंडों पर हुआ अनुष्ठान

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उनकी कर्मभूमि वाराणसी में भी विशेष आयोजन हुआ। काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र और मंगलकामना के लिए विशेष पूजा-अनुष्ठान किया गया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे और पूजा में शामिल हुए।
11 हवन कुंडों पर दी गई आहुति
वाराणसी में राजनाथ सिंह, चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए 11 हवन कुंडों पर आहुतियां दी गईं। इस दौरान पुरोहितों ने विशेष मंत्रोच्चार किया। बाबा विश्वनाथ का महारुद्राभिषेक भी किया गया।
पूजा-अनुष्ठान के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। यह बाइक यात्रा काशी से वडनगर के लिए रवाना हुई।
राजनाथ सिंह और CM योगी ने भंडारे में बांटा प्रसाद
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर वाराणसी में आयोजित भंडारे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को प्रसाद बांटा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की कामना की गई।
वडनगर से काशी के लिए भी निकली बाइक रैली
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर गुजरात के वडनगर से काशी के लिए भी बाइक रैली रवाना हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद रहे।
वडनगर में नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र के लिए पूजा-अर्चना भी की। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार विजय मिली है। उन्होंने कहा कि 25 साल में मोदी कोई चुनाव नहीं हारे और उन्होंने जनमत का विश्वास हमेशा हासिल किया है। अमित शाह ने यह भी कहा कि बीजेपी ने अब बंगाल का गढ़ भी फतह कर लिया है।
10 समूहों में रवाना हुई ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा
वडनगर से वाराणसी के लिए ऐतिहासिक ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा रवाना हो चुकी है। यह यात्रा वडनगर से 10 अलग-अलग समूहों में निकली है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
दिल्ली में भी होंगे कई कार्यक्रम
दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अलीपुर के खाटूश्याम मंदिर में 100 कुंडी हवन किया और प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की कामना की। इसके अलावा दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी रक्तदान किया।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया रक्तदान
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर रक्तदान किया। ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर लगाया गया। रक्तदान के बाद नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों से सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।



