₹3.29 लाख की कीमत फिर भी कम नहीं हुआ क्रेज, iPhone 18 Pro Max खरीदने Apple Store के बाहर रातभर लगी कतार

नई दिल्ली: iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की पहली बिक्री शुरू होते ही देशभर में ग्राहकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और नोएडा समेत कई शहरों में लोग स्टोर खुलने से पहले ही पहुंच गए। कुछ ग्राहक रात से ही कतार में खड़े रहे, जबकि कई प्री-बुकिंग के बाद अपने तय समय पर फोन लेने पहुंचे।
दिल्ली के Apple Store के बाहर रातभर इंतजार
दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक में Apple Store के बाहर रातभर ग्राहकों की कतार देखने को मिली। नए iPhone को सबसे पहले खरीदने और इस्तेमाल करने की चाहत में लोग घंटों इंतजार करते नजर आए। कुछ ग्राहकों के पास पहले से तय समय था, जबकि कई बिना बुकिंग के फोन खरीदने की उम्मीद में पहुंचे।
नोएडा के डीएलएफ मॉल स्थित Apple Store पर भी बिक्री शुरू होते ही बड़ी संख्या में ग्राहक नए iPhone खरीदने पहुंचे।
iPhone 18 Pro Max का 1TB मॉडल लेने पहुंचे अजय
कतार में खड़े एक ग्राहक अजय ने बताया कि वह iPhone 18 Pro Max का 1TB मॉडल खरीदने पहुंचे हैं। उन्होंने पहले ही फोन की प्री-बुकिंग कर रखी थी और स्टोर के बाहर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। अजय फिलहाल iPhone 17 Pro इस्तेमाल कर रहे हैं और नए मॉडल को लेकर उत्साहित हैं।
iPhone 18 Pro की कीमत ₹1.64 लाख से शुरू
iPhone 18 Pro का 256GB स्टोरेज वाला मॉडल ₹1,64,999 की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है। 512GB मॉडल की कीमत ₹1,89,900, 1TB मॉडल की कीमत ₹2,39,900 और 2TB मॉडल की कीमत ₹3,14,900 है।
वहीं iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 256GB मॉडल के लिए ₹1,79,900 है। 512GB मॉडल ₹2,04,900, 1TB मॉडल ₹2,54,900 और 2TB वाला टॉप मॉडल ₹3,29,900 में उपलब्ध है।
चार रंगों में उपलब्ध हैं दोनों मॉडल
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और बरगंडी रंगों में पेश किया गया है। Apple की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक दोनों मॉडल 256GB, 512GB, 1TB और 2TB स्टोरेज विकल्पों में उपलब्ध हैं।
बैंक ऑफर और नो-कॉस्ट EMI का विकल्प
पहली बिक्री के दौरान ग्राहकों के लिए बैंक ऑफर भी उपलब्ध है। चुनिंदा बैंक कार्ड से खरीदारी करने पर ₹7,000 तक का ऑफर मिलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा नो-कॉस्ट ईएमआई का विकल्प भी दिया जा रहा है।
महंगी कीमत के बावजूद स्टोर्स के बाहर दिखा उत्साह
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री 18 सितंबर से भारत समेत कई देशों में शुरू हुई। देश के अलग-अलग Apple Store पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कुछ ग्राहक बिक्री शुरू होने से कई घंटे पहले ही स्टोर के बाहर पहुंच गए थे।



