उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

डायरिया के प्रति जागरूकता की अलख जगाएगा केमिस्ट एसोसिएशन

“डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यशाला में लिया संकल्प

फ़िरोज़ाबाद : केमिस्ट एसोसिएशन ने डायरिया से शून्य से पांच साल तक के बच्चों को सुरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। इसके लिए एसोसिएशन खासकर डायरिया के प्रति जागरूकता पर जोर देगा और मेडिकल स्टोर पर आने वालों को डायरिया के बारे में जानकारी देने के साथ ही उससे बचाव व रोकथाम के उपायों के बारे में भी बताएगा और उचित उपचार के लिए चिकित्सक के पास जाने की सलाह भी देगा। यह फैसला रविवार को स्थानीय एक होटल में केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पंकज दत्त बंसल की उपस्थिति में हुई केमिस्ट एसोसिएशन की अभिमुखीकरण कार्यशाला में लिया गया। पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से जनपद में चल रहे ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता एसोसिएशन के महामंत्री संजय कुमार ने की।

कार्यशाला में पीएसआई इंडिया की कोमल घई ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के बारे में बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के 13 और बिहार के तीन जनपदों में चलाया जा रहा है, जिसमें शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि डायरिया नियंत्रण और रोकथाम में केमिस्ट बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इस पर केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पंकज दत्त बंसल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में हरसम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय में डायरिया को लेकर आज भी भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिनको दूर करना बहुत जरूरी है। इसमें वह भरपूर सहयोग करेंगे।

महामंत्री संजय कुमार ने केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों की डायरिया पर पीएसआई इंडिया द्वारा कराई जा रही कार्यशाला की सराहना की एवं आश्वासन दिया कि आगे भी वह ऐसे आयोजनों में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि डायरिया से अपने साथ ही बच्चों को सुरक्षित बनाने के लिए घर पर ओआरएस और जिंक अवश्य रखें क्योंकि यही इसका सही उपचार है I जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र जाकर चिकित्सक की सलाह अवश्य लें। कार्यशाला में केमिस्ट लिफाफा एवं पोस्टर का वितरण मौजूद दवा व्यापारियों को किया गया। अध्यक्ष पंकज दत्त ने सभी दवा विक्रेताओं से अपील की कि हम सभी दवा विक्रेता डायरिया के प्रति जागरूकता का प्रचार-प्रसार करेंगे और प्रचार सामग्री को दुकान पर लगाएंगे।कार्यशाला के अन्त में केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज दत्त बंसल ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यशाला में केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों के साथ ही पीएसआई इंडिया से राजेश कुमार प्रजापति, कैफुल हसन आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button