मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में 8.5 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनेगा ई-बस डिपो, मंत्री विश्वास सारंग ने किया भूमिपूजन

भोपाल: सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र के कस्तूरबा नगर में प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत बनने वाले नए इलेक्ट्रिक बस डिपो और चार्जिंग प्वाइंट का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी शुभारंभ किया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस योजना के जरिए शहरों की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कस्तूरबा नगर में बनने वाले नए ई-बस डिपो में 50 इलेक्ट्रिक बसों को रखने और संचालित करने की क्षमता होगी। इसके निर्माण में 7 करोड़ रुपये से अधिक का सिविल कार्य और 1.60 करोड़ रुपये से अधिक का इलेक्ट्रिकल कार्य कराया जाएगा। डिपो तैयार होने के बाद इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम में भोपाल महापौर मालती राय, जिला महामंत्री प्रदीप शेखावत, एमआईसी सदस्य अशोक वाणी, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, पार्षद सूर्यकांत गुप्ता, स्थानीय पार्षद राकेश यादव, पार्षद विमलेश ठाकुर समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मिलेगा नया आधार

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि नए इलेक्ट्रिक बस डिपो और इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इलेक्ट्रिक बसों के इस्तेमाल से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ एवं हरित परिवहन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कस्तूरबा नगर में बनने वाला ई-बस डिपो नरेला विधानसभा क्षेत्र के साथ पूरे भोपाल की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने वाली आधारभूत संरचना के रूप में विकसित किया जाएगा। डिपो में 50 इलेक्ट्रिक बसों की क्षमता के साथ जरूरी सिविल और इलेक्ट्रिकल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

डिजिटल टिकटिंग से लेकर 5 सीसीटीवी कैमरे तक

प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लिए क्यूआर कोड की सुविधा मिलेगी। मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल टिकट और बस पास बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक इलेक्ट्रिक बस में 5 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। आपात स्थिति में यात्रियों की तत्काल सहायता के लिए बसों में इमरजेंसी पैनिक बटन और स्टॉप बटन भी उपलब्ध होंगे।

दिव्यांग और वरिष्ठ यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधाएं

इलेक्ट्रिक बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए ऑटोमेटिक हाइड्रोलिक व्हीलचेयर लिफ्टिंग सुविधा दी जाएगी। इससे व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों के लिए बस में चढ़ना और उतरना आसान और सुरक्षित होगा।

इसके अलावा बसों में पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम और पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम भी लगाए जाएंगे। इनके जरिए यात्रियों को यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी और महत्वपूर्ण घोषणाएं आसानी से मिल सकेंगी।

Related Articles

Back to top button