मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव अर्पित गुप्ता को शासन ने हटाकर प्रतीक्षारत रखा
मेडा के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा के अवकाश पर चले जाने से पूरे मेरठ विकास प्राधिकरण में हड़कंप का माहौल है।
Meerut News: मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव अर्पित गुप्ता को शासन ने हटा दिया है। उनको प्रतीक्षारत रखा गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव अर्पित गुप्ता पर सुप्रीम कोर्ट में अवैध निर्माण की सूची ना दाखिल करने का आरोप है। वहीं मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा भी चिकित्सीय अवकाश पर चले गए हैं। सचिव के तबादले और मेडा के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा के अवकाश पर चले जाने से पूरे मेरठ विकास प्राधिकरण में हड़कंप का माहौल है।
सुप्रीम कोर्ट में अवैध निर्माण की सूची का मामला
बताया जाता है कि मेरठ विकास प्राधिकरण की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में अवैध निर्माण की सूची दाखिल होनी थी। इसकी जिम्मेदारी मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव अर्पित गुप्ता पर थी। मेडा सचिव अर्पित गुप्ता ने सूची दाखिल करने में लापरवाही बरती जिस पर ये कार्रवाई की गई है।
मेरठ में सर्वे की तैयारी और सीलिंग का खौफ
मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट की आग अब शहर की तरफ बढ़ रही है। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट मामले में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद अब पूरे मेरठ शहर को ए,बी,सी और डी जोन में बांटकर सर्वे की तैयारी चल रही है। लोगों में सीलिंग और बुलडोजर कार्रवाई का खौफ है। सुप्रीम कोर्ट ने 16,726 भवनों की सीलिंग के आदेश दिए हैं। ये 16726 भवन कौन से हैं इसको लेकर लोगों के बीच बेचैनी बढ़ रही है।
तर्क दिया गया कि उन्होंने अभी नई ज्वाइनिंग की है
सुप्रीमकोर्ट में मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण की सूची ना दाखिल किए जाने के संबंध में सचिव की ओर से तर्क दिया गया कि उन्होंने अभी नई ज्वाइनिंग की है। जब ये जानकारी शासन स्तर पर पहुंची तो उनके खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही थी।
शासन ने मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव अर्पित गुप्ता को सचिव पद से हटा दिया और उन्हें प्रतीक्षारत कर दिया गया। अभी उनके स्थान पर मेरठ विकास प्राधिकरण में सचिव की तैनाती नहीं की गई है। बताया गया है कि सचिव के हटने के बाद मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी गायब रहे।
उपाध्यक्ष चिकित्सा अवकाश पर
मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा के चिकित्सा अवकाश पर जाने की जानकारी है। सचिव के हटाए जाने और नए सचिव की तैनाती नहीं होने से मेरठ विकास प्राधिकरण में प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर सरगर्मी बनी है।तर्क दिया गया कि उन्होंने अभी नई ज्वाइनिंग की है



