राष्ट्रीयव्यापार

फेस्टिव सीजन में नहीं होगी LPG की किल्लत! खाड़ी संकट के बीच मोदी सरकार ने तैयार किया प्लान-B, बढ़ाया घरेलू उत्पादन

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच होर्मुज और बाब-अल-मंदेब समेत कई अहम समुद्री मार्गों पर बाधाएं बनी हुई हैं। भारत के लिए यह स्थिति इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि देश में फेस्टिव सीजन शुरू होने वाला है और इस दौरान LPG की खपत बढ़ने की संभावना है। खाड़ी देशों से LPG सप्लाई में किसी तरह की रुकावट का असर त्योहारी मांग पर पड़ सकता है। इसे देखते हुए सरकार ने अभी से प्लान-B पर काम शुरू कर दिया है। सरकारी स्वामित्व वाली रिफाइनरियों को घरेलू LPG उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

त्योहारी मांग से पहले घरेलू उत्पादन बढ़ाने की तैयारी

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, त्योहारी मौसम में घरेलू LPG की मांग बढ़ने की आशंका के बीच सरकारी स्वामित्व वाली रिफाइनरियों ने LPG उत्पादन बढ़ाना शुरू कर दिया है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण फारस की खाड़ी से LPG की आपूर्ति में व्यवधान बना हुआ है। इससे देश की रसोई गैस सुरक्षा को लेकर जोखिम बढ़ा है। सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के बीच त्योहारों से पहले ही घरेलू उत्पादन बढ़ाया जा रहा है।

20 फीसदी बढ़ा LPG का घरेलू उत्पादन

त्योहारी सीजन और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई में बनी बाधाओं के बीच सरकार की तैयारी का असर घरेलू उत्पादन में दिखाई देने लगा है। सरकारी स्वामित्व वाली रिफाइनरियों का LPG उत्पादन बढ़कर करीब 44,000 टन प्रतिदिन पहुंच गया है। यह अगस्त के औसत उत्पादन की तुलना में करीब 20 फीसदी अधिक है।

घरेलू LPG उत्पादन में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब भारत नवंबर में दिवाली तक चलने वाली अधिक खपत की अवधि के लिए तैयारी कर रहा है। इसके बाद सर्दियों में LPG की मांग बढ़ने से खपत पर और दबाव पड़ सकता है।

सरकार ने राज्यों और उद्योगों के लिए तय किया LPG आवंटन

अमेरिका और ईरान के बीच हमलों का सिलसिला भले ही फिलहाल थमा हुआ है, लेकिन होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। तेल और गैस की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग में लंबे समय से बनी बाधाओं के बीच भारत में LPG की संभावित कमी से निपटने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।

केंद्र सरकार ने राज्यों और प्रमुख उद्योगों के लिए LPG आवंटन भी तय कर दिया है। घरेलू रिफाइनरियों ने युद्ध के दौरान बढ़ाए गए अपने LPG उत्पादन को बाद में कम कर दिया था, क्योंकि गर्मियों के दौरान अमेरिका और अफ्रीका से वैकल्पिक आपूर्ति उपलब्ध होने लगी थी। हालांकि, त्योहारी सीजन की बढ़ती मांग को देखते हुए घरेलू उत्पादन में फिर से इजाफा किया जा रहा है।

इसके अलावा सरकार ने मार्च में LPG आपूर्ति संकट के दौरान लागू किए गए न्यूनतम रिफिल वेटिंग टाइम को 45 दिन से घटाकर अब 25 दिन कर दिया है।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG आयातक

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG आयातक है और लंबे समय से फारस की खाड़ी से होने वाली आपूर्ति पर काफी निर्भर रहा है। इसी वजह से इस क्षेत्र में जारी संघर्ष और व्यापारिक गतिविधियों में आने वाली बाधाओं का असर भारत की LPG आपूर्ति पर पड़ सकता है।

दिल्ली में 942 रुपये का घरेलू LPG सिलेंडर

देश में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों की बात करें तो दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है। मुंबई में यह 941.50 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये है। नोएडा में घरेलू LPG सिलेंडर 939.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं हैदराबाद में इसकी कीमत 994 रुपये है, जो दिए गए शहरों में सबसे अधिक है 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 2,747.50 रुपये और मुंबई में 2,701 रुपये है।

Related Articles

Back to top button