पति की हत्या कर कमरे में जलाया शव, अधजले अंग रेत में दबाए; गुजरात से लौटे बेटे ने खोला खौफनाक राज

अलीराजपुर: मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र में करीब 15 दिनों से लापता एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम ताती-अंबा के पुजारा फलिया निवासी 50 वर्षीय रामा वाकला की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी 47 वर्षीय पत्नी नाहजुबाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने अपने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नाहजुबाई को अपने पति के चरित्र पर संदेह था। इसी को लेकर उसने लकड़ी के भारी डंडे से रामा वाकला पर हमला कर दिया। सिर या शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद महिला ने कथित तौर पर सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, उसने शव को घर के पीछे बने एक कमरे में ले जाकर जला दिया।
धुआं बाहर न निकले, इसलिए ड्रम से ढका शव
पुलिस के अनुसार, शव जलाते समय कमरे से धुआं बाहर नहीं निकले, इसके लिए महिला ने जलते हुए शव को एक बड़े ड्रम से ढक दिया था। हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल पाया।
इसके बाद महिला ने शव के अधजले अंगों को घर में रखे रेत के ढेर में दबा दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पति की पहचान से जुड़े दस्तावेज और उसकी तस्वीरें भी आग के हवाले कर दीं, ताकि हत्या के बाद पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
गुजरात से लौटे बेटे ने मां से पूछा पिता कहां हैं
घटना के समय रामा वाकला का बड़ा बेटा मजदूरी के सिलसिले में गुजरात गया हुआ था। करीब 17 दिन बाद जब वह घर लौटा तो उसने अपनी मां से पिता के बारे में पूछा। महिला ने उसे टालने की कोशिश की, लेकिन बेटे को इस जवाब पर संदेह हुआ।
इसके बाद बेटे ने जब मां से कड़ाई से पूछताछ की तो महिला ने कथित तौर पर पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
रेत के ढेर से मिले अधजले अवशेष
सूचना मिलने के बाद उदयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के पीछे बने कमरे की जांच की और रेत के ढेर को भी खंगाला। जांच के दौरान वहां से रामा वाकला के शव के अधजले अवशेष बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी नाहजुबाई को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।



