मंडी में बिजली बोर्ड के 25 वर्षीय कर्मचारी की मौत से मचा हड़कंप, घर में इस हाल में मिला युवक

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में बिजली बोर्ड में कार्यरत 25 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक घर में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कमरे में इस हालत में मिला युवक
मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार (25) निवासी गांव संगाहन (जुगाहन), तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। वह बिजली बोर्ड में पार्ट टाइम कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को घूमकर घर लौटने के बाद देवेंद्र अपने कमरे में चला गया था। रात करीब आठ बजे जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो वह फंदे पर लटका मिला।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन देवेंद्र को लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेरचौक लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक के चाचा चमन लाल के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजनों ने किसी भी तरह की साजिश या संदेह से इनकार किया है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।



