नमो भारत ट्रेन में एनसीएमसी यूज़र्स के लिए अब ट्रिप पास की सुविधा
नियमित नमो भारत यात्रियों का बचेगा समय, सफ़र होगा और आसान।
Ghaziabad News: नमो भारत के हज़ारों नियमित यात्रियों के लिए रोज़ का सफ़र अब और आसान होने वाला है। एनसीआरटीसी ने नमो भारत में यात्रा करने वालों के लिए एनसीएमसी यूज़र्स के लिए ‘ट्रिप पास’ की सुविधा शुरू की है। इसके ज़रिए नियमित यात्री पहले से ही अपनी यात्राओं की योजना बना सकते हैं और भुगतान कर सकते हैं। इससे बार-बार टिकट खरीदने या कार्ड रिचार्ज करने की ज़रूरत कम होगी और रोज़ाना के सफ़र में काफ़ी समय की बचत होगी।
1.1 लाख यात्रियों को प्रदान कर रहा यात्रा सुविधा
नमो भारत दैनिक रूप से लगभग 1.1 लाख यात्रियों को यात्रा सुविधा प्रदान कर रहा है, जिनमें से एक बड़ी संख्या में यात्री निश्चित प्वाइंट ए से प्वाइंट बी के बीच यात्रा करते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी है जो नियमित रूप से एक रूट के दो निश्चित स्टेशनों के बीच सफ़र करते हैं। अब हर यात्रा के लिए अलग से टिकट खरीदने या बार-बार एनसीएमसी कार्ड रिचार्ज करने के बजाय, यात्री अपनी आवश्यकतानुसार पहले से कई यात्राओं के लिए ‘ट्रिप पास’ खरीद सकते हैं। इससे सुबह-शाम की व्यस्तता के दौरान टिकट खरीदने और कार्ड टॉप-अप करने में लगने वाला उनका समय बचेगा और यात्रा अधिक सुगम एवं निर्बाध हो सकेगी।
एनसीएमसी कार्ड पर ट्रिप पास लोड
‘ट्रिप पास’ को उन यात्रियों के लिए बनाया गया है जो नियमित रूप से एक तय स्टेशन से दूसरे तय स्टेशन के बीच सफ़र करते हैं। एनसीएमसी कार्ड पर ट्रिप पास लोड होने के बाद, संबंधित स्टेशनों के बीच यात्रा करने पर पास से एक ट्रिप अपने आप कट जाती है। उदाहरण के लिए, सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित रूप से यात्रा करने वाला यात्री अपनी जरूरत के अनुसार पहले से कई ट्रिप खरीद सकता है और उनका इस्तेमाल अपनी यात्राओं के लिए कर सकता है। इस पास का एक दिन में कई बार प्रयोग भी किया जा सकता है, बशर्ते यात्रा उन्हीं स्टेशनों के बीच हो, जिनके लिए पास खरीदा गया है।
दो हजार रुपये तक रिचार्ज किया जा सकता है
सराय काले खां से मोदीपुरम तक का किराया स्टैंडर्ड कोच में 210 रुपये और प्रीमियम कोच में 250 रुपये है। एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम दो हजार रुपये तक रिचार्ज किया जा सकता है। ऐसे में इन दोनों स्टेशनों के बीच नियमित रूप से आने-जाने वाले यात्री के लिए यह राशि सिर्फ़ चार दिनों में या एक सप्ताह से भी कम समय में खत्म हो सकती है। ट्रिप पास के जरिए यात्री कई यात्राओं के लिए पहले से भुगतान कर सकते हैं, जिससे बार-बार वॉलेट रिचार्ज करने की ज़रूरत कम हो जाती है। इससे न केवल समय बचता है, बल्कि नियमित यात्राओं के खर्च की पहले से योजना बनाना भी आसान होता है।
किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा
‘ट्रिप पास’ केवल उन्हीं आरंभिक और गंतव्य स्टेशनों के बीच मान्य होता है, जिनके लिए इसे खरीदा गया है। अगर यात्री किसी दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करता है, तो उस यात्रा का सामान्य किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा।
उदाहरण के लिए, अगर किसी यात्री के पास सराय काले खां से बेगमपुल तक का ट्रिप पास है, लेकिन वह शताब्दी नगर या उससे पहले के किसी स्टेशन तक ही जाता है, तो उस छोटी यात्रा का किराया ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा। इसके लिए वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस होना जरूरी है। इसी तरह, अगर यात्री बेगमपुल से आगे की यात्रा करता है और अतिरिक्त किराए के लिए ग्लोबल वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस नहीं है, तो गंतव्य स्टेशन से बाहर निकलने से पहले उसे वॉलेट रिचार्ज करना होगा। यानी, ट्रिप पास केवल उसी तय रूट के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसके लिए उसे खरीदा गया है। किसी दूसरे रूट पर यात्रा करने पर ट्रिप पास लागू नहीं होगा और उसका किराया ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा।
नमो भारत के यात्री को हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट
इसके अलावा, नमो भारत के यात्री हर यात्रा पर 10% की छूट का भी लाभ उठा सकते हैं। लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत एनसीएमसी कार्ड से नमो भारत में यात्रा करने पर खर्च किए गए हर 1 रुपये पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है। एक लॉयल्टी पॉइंट की कीमत 0.10 रुपये है और 300 लॉयल्टी पॉइंट जमा होने पर उन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए रिडीम किया जा सकता है।
यात्री अपनी यात्रा की आवृत्ति के अनुसार अलग-अलग ट्रिप पास विकल्पों में से चुन सकते हैं। स्टैंडर्ड और प्रीमियम, दोनों तरह के कोच के लिए 1 से 40 ट्रिप तक के पास के विकल्प उपलब्ध हैं।
क्रम संख्या ट्रिप पास वैधता (दिनों में) रिफंड
1 1 15 नॉन-रिफंडेबल
2 2 30 नॉन-रिफंडेबल
3 5 30 नॉन-रिफंडेबल
4 10 30 नॉन-रिफंडेबल
5 15 60 200 रुपये की निश्चित एडमिन फीस की कटौती
6 20 60 200 रुपये की निश्चित एडमिन फीस की कटौती
7 40 90 200 रुपये की निश्चित एडमिन फीस की कटौती
ट्रिप पास इएफओ या आमतौर पर एएफसी गेट के पास स्थित काउंटर से खरीदे जा सकते हैं तथा आगे की यात्राओं के लिए पास का टॉप-अप इएफओ या नमो भारत स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट वेंडिंग मशीनों (TVM) के जरिए किया जा सकता है।
नियमित यात्रियों के लिए ट्रिप पास का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उन्हें बार-बार टिकट खरीदने या कार्ड रिचार्ज करने की जरूरत कम पड़ती है और दैनिक यात्रा समय की बहुत बचत होती है।
एनसीआरटीसी नमो भारत में यात्रा के अनुभव को अधिक सुविधाजनक, आरामदायक और यात्रियों के अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर कार्यरत है। ट्रिप पास की शुरुआत इसी दिशा में एक और कदम है जो नियमित यात्रियों, विशेषकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों, कामकाजी पेशेवरों, व्यापारियों और अन्य नियमित यात्रियों के लिए रोज़मर्रा के सफ़र को अधिक आसान बनाने में मदद करेगी।



