पंजाब

जालंधर के राऊवाली में पटाखा मार्केट विवाद खत्म, पंचायत और एसोसिएशन के बीच बनी सहमति

राऊवाली: पठानकोट रोड स्थित गांव राऊवाली में पटाखा मार्केट को लेकर ग्राम पंचायत और पटाखा एसोसिएशन के बीच पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद आपसी सहमति से सुलझ गया है। समझौते के बाद ग्राम पंचायत की ओर से अदालत में दायर केस वापस ले लिया गया। अधिवक्ता जगपाल सिंह धूपर ने इसकी पुष्टि की है।

दोनों पक्षों के केस वापस लेने पर अदालत ने किया खारिज

अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 29 अक्टूबर को ग्राम पंचायत राऊवाली बनाम विकास भंडारी और विकास भंडारी बनाम ग्राम पंचायत राऊवाली से जुड़े दोनों मामलों को वापस लिए जाने के आधार पर खारिज कर दिया गया। रिकॉर्ड में इस कार्रवाई को ‘डिसमिस्ड एज विड्रावन’ दर्ज किया गया है।

पटाखा मार्केट को लेकर पंचायत और कारोबारियों के बीच विवाद पिछले कई दिनों से चल रहा था। मामला अदालत तक पहुंचने के कारण पटाखा कारोबारियों के बीच भी असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने से कानूनी विवाद खत्म करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

केस वापस होने से मार्केट लगाने की अनुमति अपने आप नहीं मिलेगी

अधिवक्ता जगपाल सिंह धूपर के अनुसार, ग्राम पंचायत और पटाखा एसोसिएशन ने आपसी समझ के आधार पर केस वापस लिए हैं। हालांकि, अदालत में मामला समाप्त होने का अर्थ यह नहीं है कि पटाखा मार्केट लगाने की प्रशासनिक अनुमति भी मिल गई है।

पटाखा मार्केट के संचालन और अस्थायी लाइसेंस से संबंधित प्रशासनिक मंजूरी अलग विषय है। ऐसे में मार्केट लगाने को लेकर आगे की स्थिति संबंधित प्रशासनिक आदेशों पर निर्भर करेगी।

Related Articles

Back to top button