मध्य प्रदेशराज्य

ड्यूटी पर शहीद हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी, अवैध शराब तस्करों ने मिनी ट्रक से कुचला; अस्पताल में तोड़ा दम

देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने गए खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की जान चली गई। तस्करी में शामिल लोगों ने मिनी ट्रक से उन्हें कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को पुलिसकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सीपीआर देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

चेकिंग के दौरान रोकने की कोशिश की तो टीआई पर चढ़ाया ट्रक

यह घटना खातेगांव-नेमावर रोड की है। देवास के चंदाना और बिजाना गांवों में जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत के बाद पुलिस सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में रात के समय ट्रकों की जांच की जा रही थी। नेमावर रोड पर भी पुलिस ने चेकिंग पॉइंट बनाया था, जहां थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपने स्टाफ के साथ ड्यूटी कर रहे थे।

इसी दौरान उन्होंने एक मिनी ट्रक को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे थाना प्रभारी पर चढ़ा दिया। मिनी ट्रक उनके सिर और सीने के हिस्से को कुचलता हुआ आगे निकल गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। वहां सीपीआर देकर जान बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण उनकी मौत हो गई।

डिवाइडर पर चढ़ाकर वाहन ले भागा चालक

थाना प्रभारी को कुचलने के बाद चालक मिनी ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी तरफ ले गया। पुलिस ने वाहन का पीछा किया। चालक संदलपुर में ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

दबिश में शामिल अधिकारियों के मुताबिक, शराब तस्करी के मामले में हरदा के राहुल जायसवाल का नाम सामने आया है। इसके अलावा देवास के कुछ तस्करों के भी इस नेटवर्क में शामिल होने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आदित्य मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत के बाद बढ़ाई गई थी निगरानी

देवास जिले के चंदाना और बिजाना गांवों में 6 से 11 अक्टूबर के बीच जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हुई थी। इस मामले की शुरुआती जांच में सामने आया था कि आरोपियों ने इंदौर से केमिकल खरीदकर नकली शराब तैयार की थी। इसके बाद नकली शराब को लाइसेंसी शराब की बोतलों में मिलाकर बेचा जाता था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अजय राठौर सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया है।

अवैध शराब मामले में आबकारी अधिकारियों पर भी हुई कार्रवाई

पुलिस जांच में पता चला कि नकली शराब बनाने में इस्तेमाल किया जाने वाला केमिकल इंदौर के महावीर मार्केट स्थित लोहामंडी के एक गोदाम से मंगाया गया था। इस घटना के बाद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण में लापरवाही के आरोप में देवास की जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया, कन्नौद-खातेगांव मंडल के सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलेश कुमार पवार और देवास में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षक राजश्री खन्ना को निलंबित कर दिया था। इसके अलावा देवास के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी पद से हटा दिया गया था।

Related Articles

Back to top button