खटीमा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। इस परियोजना के तहत खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ी होने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
खटीमा से रिश्ता मां-बेटे जैसा: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका संबंध केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां और बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें लगातार प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। वहीं, सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है।
किसानों के हितों और जल निकासी पर भी ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
स्वच्छ और आधुनिक खटीमा बनाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्य आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट और रामू भारती सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




