
रायपुर: दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को राज्य सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत नवंबर महीने की 33वीं किस्त 3 नवंबर 2026 को राज्योत्सव समारोह के दौरान जारी की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। त्योहार से पहले आर्थिक सहायता मिलने से लाभार्थी महिलाओं को राहत मिलेगी।
अमित शाह करेंगे 33वीं किस्त की राशि का हस्तांतरण
राज्योत्सव समारोह के मुख्य मंच से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसी दौरान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से योजना की राशि पात्र महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
इन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ
इस चरण में ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं प्रदेश की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों के खातों में राशि भेजी जाएगी। इसके अलावा नियद नेल्ला नार अभियान के तहत आने वाले शिविर क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त प्रदान की जाएगी। इस तरह कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।
अब तक 32 किस्तों में बांटे जा चुके हैं 20,717 करोड़ रुपये
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
33वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल सहायता राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी। राज्य सरकार के अनुसार, इस आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।
पोर्टल और मोबाइल ऐप से मिलेगी भुगतान की जानकारी
लाभार्थी महिलाएं अपनी किस्त के भुगतान की स्थिति और योजना से जुड़ी अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल तथा प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।



