
उन्नाव में अजीब मामला: बीमार पति को छोड़ दामाद के साथ फरार हुई महिला, पुश्तैनी गहने ले जाने का भी आरोप
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव से रिश्तों को हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ घर से फरार होने का आरोप लगा है। परिवार का दावा है कि महिला जाते समय घर में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए पुश्तैनी सोने-चांदी के गहने भी निकालकर ले गई। मामले में बीमार पति और उसका बेटा शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे हैं और कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है। महिला के बेटे ने पहले थाने में शिकायत दी और इसके बाद एसपी जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर अपनी बात रखी। परिवार का आरोप है कि महिला ने कुछ समय पहले 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम भी कर दी थी। एसपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
15 साल पहले हुई थी बेटी की शादी
बेटे की शिकायत के मुताबिक, करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद बहन के पति ने उसकी हत्या कर दी थी। बेटे का कहना है कि बहन के बच्चे की परवरिश को ध्यान में रखते हुए परिवार ने उस समय कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया था।
इसके बाद उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। बहनोई का घर आना-जाना भी शुरू हो गया था। बेटे के अनुसार, जब पिता ने इस रिश्ते का विरोध किया तो घर में विवाद होने लगे। परिवार का दावा है कि मां और बहनोई के बीच नजदीकियां जारी रहीं और अब महिला उसी के साथ घर छोड़कर चली गई है।
जमीन में दबे पुश्तैनी गहने निकालने का आरोप
परिवार ने महिला पर पुश्तैनी गहने ले जाने का भी आरोप लगाया है। बेटे और उसके बीमार पिता के मुताबिक, घर के अंदर जमीन में गड्ढा खोदकर परिवार के पुराने गहने छिपाकर रखे गए थे। इनमें करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना शामिल था।
आरोप है कि महिला घर छोड़ते समय जमीन खोदकर ये गहने भी निकाल ले गई। परिवार का दावा है कि इनकी कीमत लाखों रुपये है।
10 बिस्वा जमीन नाती के नाम करने पर भी विवाद
बेटे ने अपनी शिकायत में जमीन के हस्तांतरण को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि 14 सितंबर को उसकी मां ने दामाद के कहने पर पिता की खरीदी हुई 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर दी थी। परिवार को इसकी जानकारी बाद में मिली। बेटे का कहना है कि यह काम पिता को बताए बिना किया गया।
बीमार पति गांव में करता था चौकीदारी
शिकायत में बेटे ने बताया कि उसके पिता की तबीयत ठीक नहीं रहती और वह पहले गांव में चौकीदारी का काम करते थे। मां के घर छोड़कर जाने के बाद बीमार पिता अकेले रह गए हैं।
परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले अजगैन थाने में शिकायत दी थी, लेकिन वहां से कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बेटे ने एसपी से मिलकर मां और बहनोई के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की। एसपी जय प्रकाश सिंह ने शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



