मध्य प्रदेशराज्य

कटनी में ज्वैलरी शोरूम में 10 करोड़ की सनसनीखेज चोरी, दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों के जेवर ले उड़े बदमाश

कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी में चोरों ने एक बड़े ज्वैलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 10 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात माधवनगर थाना क्षेत्र के बरगवां इलाके में स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड शोरूम में हुई। बदमाश शोरूम के पीछे की दीवार में छेद करके अंदर घुसे और सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर का संपर्क काटने के बाद कीमती जेवर लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि शोरूम के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात था और परिसर में सुरक्षा सेंसर भी लगाए गए थे।

दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में दाखिल हुए बदमाश

प्रारंभिक जांच के अनुसार, चोरी की वारदात शुक्रवार तड़के सुबह करीब 4 बजे से 7 बजे के बीच अंजाम दी गई। बदमाशों ने शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में छेद किया और इसी रास्ते अंदर दाखिल हो गए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर का संपर्क काट दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में दर्ज न हो सकें।

आरोपी अपने साथ गैस सिलेंडर, कटर और दूसरे जरूरी औजार लेकर आए थे। चोरी करने के बाद वे इन उपकरणों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। वारदात में इस्तेमाल किए गए औजारों को पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है।

अलार्म बजता रहा, लेकिन सुरक्षा गार्ड को नहीं लगी भनक

शोरूम की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के अलावा सेंसर भी लगाए गए थे। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4 से 7 बजे के बीच सेंसर का अलार्म लगातार बजता रहा, लेकिन मौके पर तैनात गार्ड ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसी दौरान बदमाश शोरूम से बड़ी मात्रा में सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर निकल गए।

शोरूम संचालक मोहन बजाज ने बताया कि सुबह जब कर्मचारियों ने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। शोरूम के अंदर का नजारा देखकर चोरी की बड़ी वारदात का पता चला।

एसपी और फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा, बड़े गिरोह पर शक

घटना की सूचना मिलते ही कटनी के पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।

एसपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में करीब 10 करोड़ रुपये के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। एसपी ने आशंका जताई है कि इस वारदात के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ हो सकता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। करोड़ों रुपये की इस चोरी ने शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी और सेंसर अलार्म बजने के बावजूद बदमाशों का इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर निकल जाना जांच का अहम पहलू बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button