
नई दिल्ली: सूर्य उपासना और संतान के सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा चार दिवसीय छठ महापर्व आज, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की आराधना की जाती है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू हुई यह परंपरा अब देश के कई अन्य हिस्सों में भी बड़े उत्साह के साथ मनाई जाती है। इस दौरान नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य जैसे अनुष्ठान किए जाते हैं। इस साल छठ पर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करने से संतान को अच्छा स्वास्थ्य, लंबी उम्र और जीवन में सफलता का आशीर्वाद मिलता है।
छठ पूजा का धार्मिक महत्व
छठ महापर्व में सूर्य देव की उपासना का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक महीने में सूर्य की आराधना करने से आरोग्य, सुख और समृद्धि की प्राप्ति होती है। यह पर्व संतान के कल्याण और परिवार की खुशहाली की कामना से भी जुड़ा है। मान्यता है कि षष्ठी तिथि पर विधि-विधान से पूजा करने से संतान को लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है। इसी कामना के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए यह व्रत रखती हैं।
नहाय-खाय से होती है छठ पर्व की शुरुआत
छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय का अनुष्ठान किया जाता है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके शुद्धता के साथ पर्व की शुरुआत करते हैं। इसके लिए नदी, तालाब या घर पर ही पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान किया जाता है। इसके बाद घर की साफ-सफाई की जाती है और सात्विक भोजन तैयार किया जाता है।
नहाय-खाय के दिन आमतौर पर चावल, चने की दाल और कद्दू यानी लौकी की सब्जी बनाई जाती है। भोजन तैयार करते समय साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। व्रती इस दिन भोजन करने के बाद छठ पूजा के कठिन नियमों का पालन शुरू कर देते हैं।
नहाय-खाय के अगले दिन खरना होता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है, जिसमें व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं।
छठ पूजा 2026 का पूरा कैलेंडर
- शुक्रवार, 13 नवंबर: नहाय-खाय
- शनिवार, 14 नवंबर: खरना
- रविवार, 15 नवंबर: संध्या अर्घ्य
- सोमवार, 16 नवंबर: उषा अर्घ्य और पारण
कौन हैं छठी मैया? जानें पौराणिक मान्यता
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री और सूर्य देव की बहन माना जाता है। उन्हें प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न देवी यानी षष्ठी देवी के नाम से भी जाना जाता है। छठ महापर्व में इन्हीं की विशेष रूप से पूजा की जाती है।
धार्मिक कथाओं के मुताबिक, जब भगवान ब्रह्मा सृष्टि की रचना कर रहे थे, तब उन्होंने अपने स्वरूप को दो भागों में विभाजित किया था। उनका दायां भाग पुरुष और बायां भाग प्रकृति के रूप में प्रकट हुआ। प्रकृति को सृष्टि की अधिष्ठात्री देवी माना गया है। मान्यता है कि प्रकृति देवी ने अपने स्वरूप को छह हिस्सों में बांटा था। उनका छठा अंश मातृ देवी या देवसेना कहलाया, जिन्हें षष्ठी देवी के नाम से जाना जाता है। लोक परंपरा में यही देवी छठी मैया के रूप में पूजी जाती हैं।



