पाकिस्तान में सेना की चौकी पर फिदायीन हमला, पुलवामा जैसी वारदात में 5 जवानों समेत 8 की मौत

नई दिल्ली: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विद्रोहियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। मस्तुंग जिले के कनक इलाके में स्थित कंदवाह चेक पोस्ट पर विस्फोटकों से भरी गाड़ी के जरिए फिदायीन हमला किया गया। धमाका इतना जोरदार था कि सैन्य चौकी के साथ आसपास के रिहायशी मकानों को भी नुकसान पहुंचा। इस हमले में पांच पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों और तीन आम नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। घटना में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
हमले का तरीका वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। उस घटना में भी विस्फोटकों से भरी कार के जरिए सुरक्षाबलों के काफिले को निशाना बनाया गया था।
धमाके के बाद सुरक्षाबलों और हमलावरों के बीच मुठभेड़
रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर सैन्य चेक पोस्ट तक पहुंचे और उसे चौकी की बाहरी दीवार से टकरा दिया। बताया जा रहा है कि उनका मकसद सुरक्षा घेरे को तोड़कर सैन्य परिसर के भीतर दाखिल होना था। जोरदार विस्फोट के बाद चौकी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया और हमलावरों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुरक्षाबलों ने विद्रोहियों को सैन्य परिसर में घुसने से रोक दिया। जवाबी कार्रवाई में तीन विद्रोही मारे गए। इस दौरान पांच पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की भी जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। इस तरह सैन्य चौकी पर कब्जा करने की हमलावरों की कोशिश नाकाम रही।
रिहायशी मकानों तक पहुंचा विस्फोट का असर
विस्फोटकों से भरी गाड़ी में हुए धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसका असर सैन्य चौकी के आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोट से आसपास के कुछ मकानों के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके और मकानों के मलबे की चपेट में आने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फ्रंटियर कॉर्प्स के जवान और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने मलबा हटाने के साथ घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया।
पूरे इलाके की घेराबंदी, तलाशी अभियान तेज
हमले के बाद सुरक्षाबलों ने कनक सेक्टर की घेराबंदी कर दी है। इलाके में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उन संदिग्धों की तलाश कर रही हैं, जो मुठभेड़ के दौरान मौके से भाग निकले।
घटना के बाद मस्तुंग और आसपास के जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।



