दिल्लीराज्य

टीना अंबानी को विदेश जाने में किस बात का डर? LOC पर दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचीं, ED और SFIO से मांगा जवाब

नई दिल्ली: उद्योगपति अनिल अंबानी की पत्नी और पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी ने अपने खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर (LOC) को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने जांच एजेंसियों से यह जानकारी मांगी है कि उनके खिलाफ कोई एलओसी जारी किया गया है या नहीं और यदि जारी है तो क्या वह अब भी प्रभावी है। टीना अंबानी का कहना है कि इस सर्कुलर के कारण उनकी विदेश यात्रा प्रभावित हो रही है। गुरुवार को मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।

जस्टिस मिनी पुष्करणा की पीठ के सामने दायर याचिका में टीना अंबानी ने अदालत से जांच एजेंसियों को निर्देश देने की मांग की है कि वे उनके खिलाफ जारी किसी भी सक्रिय एलओसी की स्थिति स्पष्ट करें। उनका कहना है कि वह परिवार और दोस्तों से मिलने के लिए थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ओमान और भूटान जाना चाहती हैं। विदेश यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए वह पहले ही एलओसी की स्थिति जानना चाहती हैं।

10 दिसंबर से विदेश यात्रा की तैयारी

टीना अंबानी की ओर से पेश वकील अर्शदीप सिंह खुराना ने अदालत को बताया कि ED और SFIO की ओर से उनकी मुवक्किल को समन भेजे गए थे, लेकिन अब कोई समन लंबित नहीं है और एजेंसियों ने उन्हें दोबारा पेश होने के लिए नहीं बुलाया है।

वकील ने कहा कि टीना अंबानी 10 दिसंबर से परिवार से मिलने विदेश जाना चाहती हैं। याचिका का उद्देश्य यह स्पष्ट कराना है कि उनके खिलाफ कोई लुक आउट सर्कुलर लागू है या नहीं। यदि ऐसा कोई सर्कुलर नहीं है, तो इस तथ्य को भी अदालत के रिकॉर्ड पर लाने की मांग की गई है।

ED ने कहा- दो समन भेजे, लेकिन पेश नहीं हुईं

सुनवाई के दौरान ED की ओर से पेश वरिष्ठ वकील जोहेब हुसैन ने कहा कि टीना अंबानी को दो समन जारी किए गए थे, लेकिन वह एक बार भी जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुईं।

इस पर उनके वकील अर्शदीप सिंह खुराना ने सफाई दी कि समन के समय टीना अंबानी की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। ठीक होने के बाद उन्होंने अधिकारियों को पत्र लिखकर सूचित किया था कि वह पूछताछ के लिए पेश होने को तैयार हैं।

4 दिसंबर को अगली सुनवाई

ED के वकील ने याचिका पर संक्षिप्त जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय मांगा। इसके बाद जस्टिस मिनी पुष्करणा की पीठ ने ED और SFIO को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा। मामले की अगली सुनवाई 4 दिसंबर को होगी।

अनिल अंबानी समूह की 12 हजार करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क

अनिल अंबानी और उनके रिलायंस समूह की कंपनियां पिछले साल से ED की जांच के दायरे में हैं। एजेंसी अब तक धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत तीन प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ECIR) दर्ज कर चुकी है। इसके अलावा करीब 12 हजार करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

अनिल अंबानी से पिछले साल समूह की कंपनियों को दिए गए कथित बैंक ऋणों में अनियमितताओं के मामले में पूछताछ की गई थी। हाल ही में समूह की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) के पूर्व अध्यक्ष और कंपनी के पूर्व शीर्ष अधिकारी पुनीत गर्ग को भी एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, अनिल अंबानी समूह की कंपनियां पहले किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोपों से इनकार कर चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button