राष्ट्रीय

J&K: लश्कर कमांडर लतीफ भट को घर से 160 KM दूर दफनाया गया, अंतिम संस्कार में परिवार के सिर्फ 8 सदस्य रहे मौजूद

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर लतीफ भट को बुधवार देर रात दफना दिया गया। रात करीब 10 बजे उसके परिजन कुपवाड़ा जिले के बंगस घाटी स्थित एक गांव में पहुंचे और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया। यह स्थान उसके पैतृक गांव ख्रेवान से करीब 160 किलोमीटर दूर है। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे।

आतंकवादियों के मारे जाने के बाद उनके शव परिवार को नहीं सौंपने की सरकारी नीति के तहत यह व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य आतंकियों के सार्वजनिक अंतिम संस्कार और उनके महिमामंडन को रोकना है।

अंतिम संस्कार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर रोक

लतीफ भट के परिजनों ने उसके अंतिम संस्कार की पुष्टि की है। परिवार के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उन्हें तस्वीरें लेने या वीडियोग्राफी करने की अनुमति नहीं दी गई।

लतीफ के मामा मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि अंतिम संस्कार में परिवार के आठ पुरुष शामिल हुए थे। सुरक्षा बलों ने कब्रिस्तान पहुंचने से करीब 10 किलोमीटर पहले ही उनके मोबाइल फोन अपने पास ले लिए थे। अंतिम संस्कार के दौरान लतीफ के पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई मौजूद थे।

आतंकियों के शव परिवार को नहीं सौंपने की नीति

केंद्र सरकार ने आतंकवादियों के शव उनके परिजनों को नहीं सौंपने की नीति अपनाई है। इसका मकसद अंतिम संस्कार के नाम पर भीड़ जुटने और आतंकियों को महिमामंडित किए जाने की आशंका को रोकना है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जून 2025 को लोकसभा में इस नीति का उल्लेख करते हुए कहा था कि अब मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों को उसी स्थान पर दफनाया जाता है और उनके सम्मान में अंतिम संस्कार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाती।

अफजल गुरु और मकबूल भट को भी तिहाड़ में दफनाया गया था

आतंकियों के शवों को लेकर सरकार की इस नीति के उदाहरण पहले भी सामने आ चुके हैं। संसद हमले के मामले में दोषी अफजल गुरु को 2013 में फांसी दिए जाने के बाद तिहाड़ जेल परिसर में ही दफनाया गया था। इसी जेल में मकबूल भट को भी 1984 में फांसी दिए जाने के बाद दफनाया गया था।

कुलगाम मुठभेड़ में मारा गया था लतीफ भट

लतीफ भट बुधवार को कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था। वह लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर था। केंद्र सरकार के मुताबिक, वह जम्मू-कश्मीर में इस आतंकी संगठन का आखिरी सक्रिय स्थानीय सदस्य था। उस पर पिछले सप्ताह सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में शामिल होने का भी आरोप था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे।

Related Articles

Back to top button