मेरठ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के दौरान हुए हवाई हमले में लोगों की बचाई जान
घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया।
मेरठ। मेरठ में हवाई हमले की संभावित आपात स्थिति में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने हेतु रिजर्व पुलिस लाइन मेरठ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के दौरान मेरठ में हवाई हमला हुआ और इस दौरान आपात स्थिति लागू की गई। जिसमें नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।

बचाव कार्यों का व्यापक पूर्वाभ्यास किया
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले, युद्ध, प्राकृतिक आपदा, आतंकवादी हमले एवं अन्य शत्रुतापूर्ण परिस्थितियों में उत्पन्न होने वाली संभावित आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु नागरिक सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों का व्यापक पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाने, ब्लैक आउट की प्रक्रिया अपनाने, अग्निशमन विभाग द्वारा आग पर नियंत्रण पाने, राहत एवं बचाव दलों द्वारा घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया।

प्रभावी समन्वय स्थापित करने की तैयारियों को परखा
इसी के साथ ही आपात स्थिति के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने की तैयारियों को भी परखा गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य संभावित आपात परिस्थितियों में पुलिस बल, अर्धसैनिक बल, नागरिक सुरक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता तथा आपसी समन्वय का परीक्षण करना है। ऐसे अभ्यासों से आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ वास्तविक आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने की क्षमता विकसित होती है।

अधिकारियों ने दिए दिशा निर्देश
मॉक ड्रिल के दौरान जिलाधिकारी मेरठ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा विभिन्न राहत एवं बचाव गतिविधियों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों में सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ये विभाग के कर्मचारी/अधिकारी भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर) मेरठ, पुलिस अधीक्षक नगर मेरठ सहित नागरिक सुरक्षा विभाग, पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



