दिल्लीराज्य

यमुना का 60% पानी पीने लायक हुआ? दिल्ली के मंत्री सिरसा का बड़ा दावा, 2029-30 तक पूरी नदी होगी साफ!

नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना नदी की सफाई को लेकर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यमुना का करीब 60 फीसदी हिस्सा अब इतना साफ हो चुका है कि वहां का पानी पीने योग्य बन गया है। सिरसा ने भरोसा जताया कि वर्ष 2029 या 2030 तक पूरी यमुना नदी को स्वच्छ कर दिया जाएगा। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्र सरकार के सहयोग को दिया। हालांकि, यमुना में प्रदूषण को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है और हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी नदी की खराब स्थिति पर चिंता जताई थी।

दो साल से भी कम समय में 60 फीसदी कचरा साफ करने का दावा

पर्यावरण मंत्री सिरसा ने कहा कि यमुना की सफाई का काम एक छोर से शुरू किया गया है और धीरे-धीरे इसे दूसरे छोर तक पहुंचाया जा रहा है। उनके मुताबिक, पिछले 25 वर्षों में नदी और उसके आसपास जमा हुए कचरे का करीब 60 फीसदी हिस्सा दो साल से भी कम समय में साफ किया गया है।

उन्होंने लोगों से यमुना के किनारे जाकर सफाई की स्थिति खुद देखने की अपील भी की। सिरसा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को कचरे के पहाड़ केवल तस्वीरों में देखने को मिलेंगे और ये वास्तविकता में नजर नहीं आएंगे।

बिना ट्रीटमेंट के यमुना को साफ करना मुश्किल

मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि दिल्ली के नालों से गंदा पानी लगातार यमुना में पहुंच रहा है। जब तक इस पानी को ट्रीट करके नदी में छोड़ा नहीं जाएगा, तब तक यमुना को पूरी तरह स्वच्छ बनाना संभव नहीं है। इसके लिए सरकार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के जरिए गंदे पानी को शोधित करने पर काम कर रही है।

इलेक्ट्रिक वाहन और क्लाउड किचन भी बढ़ा रहे प्रदूषण

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिरसा ने कहा कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को रोकना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि इलेक्ट्रिक वाहन भी सड़क पर धूल उड़ने के कारण प्रदूषण में योगदान देते हैं। इसके अलावा क्लाउड किचन से भोजन की आपूर्ति भी प्रदूषण बढ़ाने में भूमिका निभाती है, क्योंकि इस व्यवस्था में बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मचारी और वाहन सड़कों पर चलते हैं।

यमुना के प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट भी जता चुका है चिंता

यमुना की सफाई को लेकर मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब नदी में प्रदूषण का मुद्दा लगातार चर्चा में है। आम आदमी पार्टी (AAP) भी इस मुद्दे पर सरकार को घेर रही है। इसी महीने सुप्रीम कोर्ट ने भी यमुना की सफाई पर भारी रकम खर्च होने के बावजूद प्रदूषण बने रहने पर चिंता जताई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) को यमुना और उसमें मिलने वाले प्रमुख नालों के प्रवेश बिंदुओं पर पानी की गुणवत्ता की निगरानी करने का निर्देश दिया था। अदालत ने औद्योगिक कचरे और बिना शोधित गंदे पानी को उनके स्रोत पर ही रोकने की जरूरत बताई थी।

Related Articles

Back to top button