उत्तराखंडराज्य

देहरादून में नवंबर में भी गर्मी का अहसास! पहाड़ों में -4 डिग्री तक लुढ़का पारा, IMD ने कोहरे और बर्फबारी पर दिया अपडेट

देहरादून: उत्तराखंड में नवंबर का तीसरा सप्ताह बीतने के बावजूद मौसम का मिजाज हैरान कर रहा है। देहरादून समेत प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी की बजाय गर्मी का अहसास हो रहा है। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में सूरज ढलते ही ठंड का असर बढ़ रहा है और कई स्थानों पर रात का तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे पहुंच गया है।

सामान्य से ऊपर बना हुआ है तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, देहरादून में रविवार को न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

पंतनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.4 डिग्री और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री उछलकर 19.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, नई टिहरी में दिन और रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम क्रमशः 18.6 और 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश नहीं होने से बढ़ रहा दिन का तापमान

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, फिलहाल प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश के आसार नहीं होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, पहाड़ी जिलों की घाटियों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है।

औली और मुनस्यारी में -4 डिग्री तक पहुंचा पारा

पहाड़ी इलाकों में नवंबर में ही कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। दिन में चटख धूप से राहत मिल रही है, लेकिन शाम होते ही तापमान तेजी से गिर रहा है। राज्य के प्रमुख हिल स्टेशनों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस और चकराता में एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, औली और मुनस्यारी में पारा शून्य से चार डिग्री नीचे पहुंच गया है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है।

जनवरी तक बर्फबारी और कोहरे का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड धीरे-धीरे और बढ़ेगी। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एएस नैन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हिल स्टेशनों में रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम में यह बदलाव जनवरी तक जारी रह सकता है।

Related Articles

Back to top button